कुंदन कुमार, पटना। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद तथा राज्यसभा चुनाव में सीट कंफर्म होने की चर्चाओं के बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पटना पहुंचे। पटना पहुंचने पर जब पत्रकारों ने उनसे राज्यसभा जाने को लेकर सवाल किया तो उपेंद्र कुशवाहा ने सीधे जवाब देने से परहेज किया।

उपेंद्र कुशवाहा ने साधी चुप्पी

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि, आज होली का दिन है और इस दिन राजनीतिक सवाल नहीं पूछे जाने चाहिए। पत्रकारों को होली की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने राज्यसभा चुनाव से जुड़े सवालों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं, जब उनसे नामांकन दाखिल करने को लेकर भी सवाल पूछा गया तो उन्होंने फिर से विषय बदलते हुए पत्रकारों को “होली की बधाई” दी और राजनीतिक चर्चा से दूरी बनाए रखी।

इसके बाद वे बिना स्पष्ट जवाब दिए अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए। वहीं, जब उनसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे के राजनीति में प्रवेश को लेकर सवाल किया गया तो उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें बधाई दी और इसे शुभ अवसर बताया।

स्वागत करने को तैयार पार्टी- विजय चौधरी

निशांत कुमार के राजनीति में इंट्री को लेकर चल रही अटकलों पर जदयू नेता और मंत्री विजय चौधरी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि, पार्टी के सभी नेता चाहते हैं कि निशांत सक्रिय राजनीति में आए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि, नीतीश कुमार तय करेंगे की राज्यसभा कौन जाएगा?

मंत्री विजय कुमार चौधरी ने आगे कहा कि, निशांत सक्रिय राजनीति में आते हैं, तो पूरी पार्टी उनका स्वागत करेगी। राज्यसभा में उम्मीदवार निशांत होंगे या कोई और यह तय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को करना है। उन्होंने कहा कि, राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर एनडीए की जीत होगी।

ये भी पढ़ें- पप्पू यादव के निशाने पर पवन सिंह, बोले- अश्लील गाने गाते हैं पावर स्टार, बीजेपी उन्हें बैन क्यों नहीं करती? बागेश्वर बाबा को कहा महा बंदर हैं