सत्या राजपूत, रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में मरीज के परिजनों को डरा धमकाकर सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कराने की कोशिश की जा रही है। परिजनों ने हॉस्पिटल के प्रबंधन पर साइन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मरीज के बेटे राजकुमार वर्मा ने सरकार से न्याय की गुहार लगाई है।

बता दें कि उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल मपर आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के बावजूद मरीज के परिजनों से लाखों रुपये वसूले जाने का आरोप लगा है। मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज के नाम पर लूट और बदसलूकी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले की जांच के लिए सीएमएचओ ने पांच सदस्यीय जांच टीम बनाई है। इसी बीच हॉस्पिटल का एक पत्र वायरल हो रहा है, जिसमें लिखा है कि हॉस्पिटल की कोई गलती नहीं है। यहां के इलाज से मैं संतुष्ट हूं। इसके अलावा 12 बिंदू लिखे गए हैं। इसी सहमति पत्र पर मरीज के परिजनों को डरा धमकाकर हस्ताक्षर कराने की कोशिश की जा रही है।

इसे भी पढ़ें – मरीज की जान से खिलवाड़! पेट दर्द की शिकायत पर आयुष्मान कार्ड से 2.71 लाख का इलाज, फिर थमाया 15 लाख का बिल, परिजनों ने उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल पर लगाया गंभीर आरोप

मरीज के परिजन का आरोप है कि दबाव पूर्वक परिजनों को लेटर देकर हस्ताक्षर कराने की कोशिश की जा रही है। मरीज के बेटे राजकुमार वर्मा ने बताया कि, हॉस्पिटल प्रबंधन मुझे हर तरीके से डरा धमकाकर सहमति पत्र में साइन कराना चाहते हैं।बाहर से लोग बुलाकर दबाव बनाया जा रहा है। पत्र में साफ लिखा गया है कि हॉस्पिटल की कोई गलती नहीं है। यहां के इलाज से मैं संतुष्ट हूं। किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए मैं जिम्मेदार हूं। इस तरह के 12 बिंदु के सहमति पत्र में साइन करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। राजकुमार ने कहा, अगर मैं संतुष्ट होता तो आवाज ही क्यों उठाता।

जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई : सीएमएचओ

इस मामले में मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मिथलेश चौधरी ने कहा, मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। साथ ही मरीज के इलाज के लिए निर्देशित किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हॉस्पिटल के डायरेक्टर बोले – सहमति पत्र कैसे वायरल हुआ मैं नहीं जानता

इस मामले में उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल के डायरेक्टर विनोद कुमार सिंह ने कहा, IMA वाले हॉस्पिटल आए थे उस दिन सहमति बनी थी। सहमति पत्र कैसे वायरल हुआ मैं नहीं जानता। मरीज के परिजन एक ओर आरोप लगा रहे हैं वहीं दूसरी ओर यहीं इलाज कराना चाहते हैं।

इसे भी पढ़ें – खबर का असर: उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की कथित जानलेवा लापरवाही और इलाज के नाम पर वसूली की होगी जांच, CMHO ने 5 सदस्यीय टीम की गठित