दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दौरान एक लड़के की हत्या के मामले ने ईद पर सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच, ‘खून की होली’ खेलने की धमकियों के बीच दिल्ली हाई कोर्ट ने सुरक्षा से जुड़ी एक याचिका सुनवाई के लिए स्वीकार कर ली है। याचिका में कोर्ट से यह मांग की गई है कि ईद के दौरान उत्तम नगर क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त उपाय किए जाएं। याचिका में आरोप लगाया गया है कि इलाके के लोगों को धमकी दी जा रही है कि इस ईद पर ‘खून की होली’ खेली जाएगी। कोर्ट ने याचिका को तुरंत सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को निर्देश देने की संभावना जताई गई है। स्थानीय प्रशासन और दिल्ली पुलिस को इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और किसी भी तरह की हिंसा को रोकने के लिए सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।

होली के दौरान हुई हिंसा ने इलाके में तनाव बढ़ा दिया। घटना में तरुण नामक युवक की मौत हो गई, जबकि विवाद का कारण एक पानी से भरे गुब्बारे को बताया गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना जे जे कॉलोनी में होली मनाने के दौरान दो परिवारों के बीच शुरू हुई। शुरुआती जांच से पता चला कि विवाद तब शुरू हुआ जब एक महिला पर पानी से भरे गुब्बारे से रंग पड़ गया। विवाद ने जल्दी ही हिंसक रूप ले लिया। होली खेलने के बाद घर लौट रहे तरुण के साथ लगभग 15-20 लोगों की भीड़ ने हमला किया। पुलिस के मुताबिक, भीड़ ने तरुण को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस हिंसक घटना ने उत्तम नगर में तनाव पैदा कर दिया है और ईद जैसे त्योहारों के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसी कारण इलाके में पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गए हैं।

तरुण हत्या मामले में दिल्ली पुलिस ने अब तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद तीनों महिलाएं फरार हो गई थीं। पुलिस के अनुसार, कथित तौर पर ये महिलाएं ख्याला क्षेत्र में छिपी हुई थीं। जानकारी के मुताबिक, सायरा नामक महिला पर पानी से भरे गुब्बारे का छींटा पड़ा था। आरोप है कि इसी घटना के बाद सायरा ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया, जिसके परिणामस्वरूप विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

उत्तम नगर इलाके में होली पर हुए झगड़े और तरुण की हत्या के बाद पैदा हुए तनाव का असर अब ईद तक दिखाई दे रहा है। इलाके के हस्तसाल गांव में रहने वाले कई मुस्लिम परिवार सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और स्थिति सामान्य होने तक इलाका छोड़ने पर विचार कर रहे हैं।

परिवारों ने जताई आशंका

कई परिवारों ने अपनी मंशा जाहिर की। उनका कहना है कि होली पर 26 वर्षीय युवक की हत्या के बाद अलग-अलग समुदायों से जुड़े धार्मिक समूहों की धमकियों ने माहौल बहुत डरावना बना दिया है। मिया जी रेस्तरां के मालिक जमील अहमद (55 वर्ष) ने बताया कि उनका परिवार लगभग 50 साल से उत्तम नगर में रह रहा है। उन्होंने कहा, “मेरे तीन बच्चे और 7 पोते-पोतियां हैं। हम डरे हुए हैं क्योंकि हमने नेताओं को कहते हुए सुना है कि वे ‘खून की होली’ खेलेंगे। हमारे पास जाने के लिए कोई जगह नहीं है।” दिल्ली पुलिस ने कहा कि वे स्थानीय लोगों के साथ बैठकें कर रहे हैं और अभी तक किसी ने उन्हें इस तरह की योजना के बारे में सूचना नहीं दी है।

क्या हुआ था होली पर

उत्तम नगर इलाके में 4 मार्च को होली के दिन शुरू हुई झड़प ने अब तक तनाव का माहौल बनाए रखा है। यह विवाद एक पानी वाले गुब्बारे से शुरू हुआ, जिससे दोनों समुदायों के बीच हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। 11 साल की एक बच्ची ने पानी वाला गुब्बारा फेंका, जो एक मुस्लिम महिला को जा लगा। इसके बाद दोनों परिवारों में झगड़ा शुरू हुआ। झगड़े में हिंदू परिवार के तरुण कुमार (26 वर्ष) बुरी तरह जख्मी हुए और 4 दिन बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 2 नाबालिगों को भी पकड़ लिया गया है।घटना के लगभग दो सप्ताह बाद भी इलाके में दोनों समुदायों के बीच तनाव बरकरार है।  कई सामाजिक और धार्मिक संगठन सक्रिय हैं और दोनों तरफ से भड़काऊ बयान और धमकियां दी जा रही हैं।सोशल मीडिया पर भी इस विवाद को लेकर भड़काऊ कैंपेन चलाया जा रहा है।

मुस्लिम परिवारों की प्रतिक्रिया

फरजाना (22 वर्ष), जो हस्तसाल में रहती हैं, ने कहा “मैं यहां 20 साल से रह रही हूं, लेकिन यह बहुत हैरान करने वाला है कि पड़ोसी आपसे ठीक से बात नहीं कर रहे। हम जाना नहीं चाहते हैं, लेकिन ईद हमारे लिए खास है और हम यहां नहीं रह सकते। हर दिन हिंसा और हमले की धमकियां दी जा रही हैं। हम हिंसा का समर्थन नहीं करते और हमारा इस केस से कोई लेनादेना नहीं। हम कुछ दिनों के लिए जाने की सोच रहे हैं।”

हिंदू परिवारों में भी भय

स्थानीय निवासी बिलाल राजपूत (47 वर्ष), जो वकील हैं और जिनका परिवार 1970 से इलाके में रहता है, ने बताया “मेरे एक पड़ोसी जिन्हें हमारा परिवार 50 साल से जानता है, ने बताया कि उनके दो किरायेदार जा चुके हैं। मैं एक दुकानदार को जानता हूं जो जा चुका है। हम इलाका छोड़ने नहीं जा रहे हैं, लेकिन समस्या को नजरअंदाज नहीं कर सकते।” “मेट्रो स्टेशन के बाहर, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। सभी जगह बैरिकेड्स लगे हुए हैं। एक अन्य पड़ोसी (हिंदू) ने मुझे सुरक्षित रहने को कहा क्योंकि वह डरा हुआ है। हम सभी डर में जी रहे हैं।”

पुलिस दे रही सुरक्षा का भरोसा

दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर में होली विवाद और उसके बाद पैदा हुए तनाव के बीच ईद के दौरान सुरक्षा उपायों पर बयान दिया है। पुलिस ने कहा है कि इलाके में पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं और दोनों समुदायों के साथ लगातार बैठकें चल रही हैं। डीसीपी कुशल पाल सिंह ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे इलाके में ही रहें और त्योहार पर सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने कहा “हमने एक्स और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स को 22 अपीलें भेजीं और भड़काऊ वीडियो और भाषणों को हटाने के लिए कहा। मेटा ने पहले ही कई कंटेंट हटा दिए हैं। हम उन क्रिएटर्स से भी संपर्क कर रहे हैं जिन्होंने ऐसा किया है। इनमें से अधिकतर उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों से हैं। कोई लोकल इसमें शामिल नहीं है।” “हमने दोनों समुदायों के साथ बैठकें की हैं और कोई हिंसा नहीं होगी।” पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है, सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है और किसी भी भड़काऊ गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m