देहरादून. सिक्किम में आए एवलांच में उत्तराखंड के जवान शहीद हो गए. एवलांच की चपेट में आकर लांस नायक विकास कुमार का निधन हो गया है. उनके निधन से प्रदेश में शोक की लहर है. बताया जा रहा है कि लांस नायक विकास कुमार सिक्किम में तैनात थे. पिथौरागढ़ के सुगौली के गणकोट के रहने वाले विकास 19 कुमाऊं रेजीमेंट में लांस नायक के पद पर तैनात थे. वे बीती 29 मार्च को गश्त के दौरान एवलांच (हिमस्खलन) की चपेट में आ गए थे.

उनके निधन पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने जवान को श्रद्धांजिल अर्पित की है. रावत ने एक्स पर लिखा कि ‘भारत मां के वीर सपूत, उत्तराखंड के लाल, सुकौली (जनपद पिथौरागढ़) निवासी 19 कुमाऊं रेजीमेंट के लांसनायक विकास कुमार जी के सिक्किम में भारत मां की सेवा करते हुए एवलांच की चपेट में आकर शहीद होने का समाचार अत्यंत दुखद है.’

इसे भी पढ़ें : बस 9 दिन और… जल्द शुरू होने वाली है चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग, इस बात का ध्यान नहीं रखा तो…

रावत ने आगे लिखा कि ‘मैं उन्हें विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. उनका यह सर्वोच्च बलिदान हम सभी को सदैव राष्ट्रसेवा और कर्तव्यपथ पर अडिग रहने की प्रेरणा देता रहेगा. ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें.’