रायपुर. रायपुर की बेटी वैभवी अग्रवाल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 35 हासिल कर न केवल अपने परिवार और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे अग्रवाल समाज को भी गौरवान्वित किया है. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में साम्राज्य रेजिडेंसी स्थित उनके निवास पहुंचा और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

प्रतिनिधि मंडल में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, सदस्य शामिल रहे. अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने वैभवी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि “वैभवी बेटी! तुम्हारी यह सफलता केवल एक रैंक नहीं, बल्कि असफलताओं पर विजय, लगातार मेहनत, परिवार के सपनों और समाज की प्रार्थनाओं का जीता-जागता प्रमाण है. छत्तीसगढ़ की बेटी ने साबित कर दिया कि, जब हौसला मजबूत हो और संकल्प अटल हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता. हम सब तुम पर असीम गर्व महसूस कर रहे हैं.”

वैभवी को बधाई देने वालों में मुख्य रूप से प्रांतीय महामंत्री संजय अग्रवाल, अग्र अलंकरण की संयोजिका डॉ. अनीता मोहनलाल अग्रवाल, उच्च शिक्षा ऋण योजना के संयोजक डॉ. मोहनलाल अग्रवाल, संगठन मंत्री अजय खेतान, राधेश्याम अग्रवाल राजू, ललित हरलालका, प्रांतीय महिला संगठन की महामंत्री निधि अग्रवाल, वर्षा अग्रवाल, संगीता हरलालका, आशीष अग्रवाल, अंकित अग्रवाल सहित प्रमुख सदस्य उपस्थित थे.

सदस्यों की बधाइयों से भावुक होकर वैभवी अग्रवाल और उनके पिता शीतल अग्रवाल ने संगठन के सदस्यों का आभार व्यक्त किया. वैभवी ने कहा कि यह उपलब्धि वह अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवारजनों को समर्पित करती हैं. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे कभी हिम्मत न हारें और अपने सपनों की ओर बढ़ते रहें, उन्होंने गीता के उसे श्लोक को भी दोहराया कि फल की चिंता ना करें, कर्म करते रहें, सफलता निश्चित मिलेगी आज नहीं तो कल.

इस अवसर पर वैभवी का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया. महाराजा  अग्रसेन का अंग वस्त्र पहनाया और केक काटकर सेलिब्रेशन किया गया. संगठन ने वैभवी को भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया.