वैशाली। जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। लालगंज थाना क्षेत्र के पिरापुर गांव में एक 20 वर्षीय विवाहिता खुशबू कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ससुराल वालों द्वारा आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंडक नदी के किनारे जलती चिता को बुझाकर अवशेषों को कब्जे में लिया।
पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास
मृतका के परिजनों का आरोप है कि 19 मार्च को दहेज की मांग को लेकर खुशबू के साथ मारपीट की गई। इसके बाद ससुराल वालों ने बाइक से पेट्रोल निकालकर उस पर छिड़क दिया और आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद, मामले को दबाने के लिए उसे हाजीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में जहर देने का गंभीर आरोप
खुशबू के भाई रोशन कुमार और उसकी मां ने सनसनीखेज दावा किया है कि जब खुशबू अस्पताल में ठीक हो रही थी तो ससुराल वालों ने चिकित्सकों की मिलीभगत से उसे जहर का इंजेक्शन दिलवा दिया जिससे उसकी मौत हो गई। मौत के तुरंत बाद मायके वालों को सूचना दिए बिना शव को गंडक नदी के किनारे जलाया जाने लगा।
अधजला शव छोड़कर भागे ससुराल वाले
परिजनों की सूचना पर जब पुलिस श्मशान घाट पहुंची तो पुलिस को देखते ही आरोपी शव को जलता हुआ छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आग बुझाई लेकिन तब तक शरीर पूरी तरह जल चुका था और केवल हड्डियां बची थीं।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ गोपाल मंडल ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को बुलाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
दो साल पहले खुशबू की शादी रवि कुमार से हुई थी लेकिन किसे पता था कि दहेज की भेंट चढ़कर उसका अंत इतना खौफनाक होगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

