वाराणसी. महाशिवरात्रि (Mahashivratri 2026) के पावन पर्व के उपलक्ष्य में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास, वाराणसी की ओर से प्रारंभ किए गए विशेष नवाचार के अंतर्गत भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के लिए विभिन्न प्रमुख तीर्थों से पावन भेंट और उपहार अर्पित किए जाने की पहल की गई है. इसी क्रम में बुधवार को मुंबई स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर से भगवान श्री विश्वेश्वर के लिए फल, पुष्प और अन्य पूजनीय उपहार सामग्री श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धापूर्वक प्रेषित की गई.
इस अवसर पर श्री सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई से पधारे सम्मानित प्रतिनिधिगण द्वारा उक्त पावन भेंट को विधिवत रूप से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास को सौंपा गया. समारोहपूर्वक उक्त भेंट को न्यास द्वारा सादर स्वीकार किया गया. इस अवसर पर डॉ. संदीप राठौर, डिप्टी सीईओ, श्री सिद्धिविनायक मंदिर ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, सुव्यवस्थित संचालन और श्रद्धालु-सेवा की भूरि-भूरि प्रशंसा की. साथ ही महाशिवरात्रि के इस महापर्व पर मंदिर न्यास की ओर से प्रारंभ किए गए नवाचार के अंतर्गत भगवान् श्री गणेश और परमपिता महादेव के पावन पिता–पुत्र संबंध के आध्यात्मिक भाव को प्रतिष्ठित करने की इस पहल की सराहना करते हुए उन्होंने आभार व्यक्त किया.
इसे भी पढ़ें : Mahashivratri 2026 : शिव-पार्वती विवाह के लिए काशी पहुंचा माता वैष्णो देवी का उपहार, बाबा विश्वनाथ और मइया पार्वती को भेजी विशेष भेंट और चुनरी
यह अभिनव पहल सनातन परंपरा में निहित भगवान श्री गणेश और भगवान श्री विश्वेश्वर के शाश्वत पिता–पुत्र संबंध के आध्यात्मिक स्वरूप का सशक्त प्रतीक है. यह अवसर अत्यंत भावपूर्ण और श्रद्धामय क्षण के रूप में उपस्थित जनों के लिए अविस्मरणीय बना. साथ ही, इस पहल ने काशी और श्री सिद्धिविनायक धाम के मध्य धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकात्मता को और अधिक सुदृढ़ किया. यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, समरसता तथा सनातन संस्कृति की दिव्य अनुभूति का पावन माध्यम सिद्ध हुआ.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें


