नरेश शर्मा, रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास कोड़ासिया में नाबालिग छात्रों से काम कराने का वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समिति गठित की गई है। समिति में धर्मेन्द्र सिंह बैस, क्षेत्र संयोजक, कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास रायगढ़ धनेश्वरी सिदार, क्षेत्र संयोजक, कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास रायगढ़ एवं उमेश पटेल नोडल अधीक्षक, आदिवासी विकास विभाग, लैलूंगा को शामिल किया गया है। समिति 28 फरवरी को संबंधित छात्रावास में पहुंचकर संपूर्ण प्रकरण की स्थल पर जांच करेगी और तथ्यों के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी।

लैलूंगा के प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास में नाबालिग बच्चों के काम करने के संबंध में डिप्टी कलेक्टर अपूर्वा टोप्पो ने बताया कि यह मामला अभी जानकारी में आया है। इस मामले में क्षेत्र के एसडीएम से जांच रिपोर्ट ली जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आता है उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग बच्चों द्वारा काम करने के दौरान अनहोनी घटना घट सकती थी, इस बात से इंकार नही किया जा सकता। इस मामले में शिकायत की विस्तृत रूप से जांच की जाएगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


