उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घूसखोर सब इंस्पेक्टर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। नगिरानी टीम ने सदर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर भास्कर कुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। टीम की कार्रवाई इतनी सटीक थी कि आरोपी को संभलने तक का मौका नहीं मिल पाया।

बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर ने एक मामले की केस डायरी को कमजोर करने और सहूलियत देने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत का सत्यापन होने के बाद टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही 15 हजार रुपये की पहली किस्त दी गई, निगरानी टीम ने तुरंत छापा मारकर सब इंस्पेक्टर को रंगेहाथ दबोच लिया।

गिरफ्तारी की कार्रवाई सदर थाना परिसर में ही हुई, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। निगरानी डीएसपी संजय कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि, आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद साफ संदेश गया है कि घूसखोरी करने वालों पर निगरानी विभाग की नजर टेढ़ी है, और कानून से ऊपर कोई नहीं।

ये भी पढ़ें- बिहार: तिलक समारोह में शामिल 5 लोगों की संदिग्ध हालत में मौत, जांच के लिए गांव पहुंची टीम, जहरीली शराब पीने से मौत की चर्चा