सिद्धार्थ शरद, वैशाली। जिले के जंदाहा प्रखंड स्थित चांदसराय पंचायत के विष्णुपट्टी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में आज शुक्रवार (13 फरवरी) को ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। स्थानीय लोगों ने यह कार्रवाई बीते दिन स्कूल में छात्रों के बीच हुई मारपीट के विरोध में किया है। इस घटना क्रम में कई छात्र घायल हो गए थे, जिनका इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है। घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन दोपहर करीब 12 बजे स्कूल में दो छात्रों के बीच मारपीट हुई थी। छात्रों के बीच हुई मारपीट का यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने अपने अभिभावकों को स्कूल में बुला लिया। आरोप है कि छात्र के अभिभवाक भी स्कूल की कक्षा में घुस गए और अन्य छात्रों के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। मारपीट की इस घटना में आधा दर्जन से अधिक बच्चों के घायल हो गए, जिनका इलाज अभी भी जंदाहा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
हालात को बिगड़ता देख स्कूल के प्रधानाध्यापक ने डायल 112 की पुलिस टीम को फोन कर घटना की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मामले को शांत कराया गया। घटना के विरोध में आज शुक्रवार को ग्रामीणों ने घटना के दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए स्कूल पहुंचे और मेन गेट पर ताला जड़ दिया। दोषियों की गिरफ्तारी होने तक वह स्कूल का ताला खोलने से इंकार कर रहे हैं।
घटना को लेकर प्रधानाध्यापक अरुण कुमार साह ने बताया कि, बीते दिन दो छात्रों के बीच मारपीट हुई थी। एक छात्र अपने अभिभावकों को बुला लाया, जिससे मामला उग्र हो गया। इसमें 5 से 7 बच्चे घायल हुए, जिनका इलाज जंदाहा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। इसी घटना को लेकर आज ग्रामीणों ने स्कूल में ताला लगा दिया है।
हालांकि मौके पर चांदसराय पंचायत के मुखिया विपिन बिहारी राय ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर विद्यालय का ताला खुलवाया। उन्होंने दोनों पक्षों से बात कर पंचायत स्तर पर मामले को सुलझाने की बात कही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


