Nawada: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जिला अध्यक्ष पद के लिए रविवार को आयोजित संगठनात्मक चुनाव हंगामे की भेंट चढ़ गया। पार्टी कार्यालय देखते ही देखते जंग के मैदान में बदल गया, जहां कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट हुई। हालात बिगड़ते देख निर्वाचन पदाधिकारी हरि कृपाल ने चुनाव प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी। साथ ही मौजूदा जिला अध्यक्ष पद सहित पूरी जिला कमेटी को भंग करने की घोषणा कर दी गई।

15 नेताओं ने किया था नामांकन

जिला अध्यक्ष पद के लिए कुल 15 नेताओं ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें मनोज सिंह, सुरेश सिंह, संतोष कुमार सिन्हा, विनोद कुमार, मुकेश विद्यार्थी, अशोक सिंह, प्रियोरंजन, अयोध्या सारण, डॉ. राजीव रंजन, मोहन सिंह, सुमन सिंह, राजीव रंजन, सुदेश्वर चौधरी, नागेश्वर सिंह और विपिन कुमार दांगी शामिल थे।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जिले के 17 प्रखंड अध्यक्षों को मतदान करना था। नामांकन जांच पूरी होने के बाद पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर सर्वसम्मति से एक नाम तय करने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन इसी दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया।

पर्यवेक्षक से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज का आरोप

निर्वाचन पर्यवेक्षक हरि कृपाल के मुताबिक हस्ताक्षर की प्रक्रिया चल रही थी, तभी विकास सिंह नाम के एक युवक ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने पर्यवेक्षक को बाहर खींचने की कोशिश की और गाली-गलौज की। पर्यवेक्षक ने कहा कि, उनकी पत्नी, जो खुद उम्मीदवार थीं, उनके सामने भी अपशब्द कहे गए। उन्होंने इसे “असहनीय गुंडागर्दी” बताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगा।

पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा

हंगामे की सूचना मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि पर्यवेक्षक ने आरोप लगाया कि पहले से सूचना देने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्होंने कहा कि, जब पार्टी कार्यालय के भीतर ही ऐसी स्थिति बन सकती है, तो बाहर हालात और बिगड़ सकते थे।

हाईकमान के फैसले पर होगी नजर

घटना के बाद पार्टी ने साफ किया कि अनुशासनहीनता और हिंसक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पूरी जिला कमेटी भंग कर दी गई है और नई कमेटी का गठन मुख्यमंत्री के निर्णय के बाद ही किया जाएगा। इस घटनाक्रम ने नवादा में जदयू के अंदर गुटबाजी और संगठनात्मक अनुशासन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें- ‘किताबों में पढ़ा था, आज देख रहे हैं….’, ईरान-इजराइल संघर्ष RJD सांसद का बड़ा बयान, बोले- पूरी दुनिया पर होगा इसका असर