JDU Leader Viral Video: बिहार के सारण जिले में वायरल हो रहे जदयू नेता के एक वीडियो को लेकर सियासत गरमाई हुई है। दरअसल ऐसा दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो में जदयू के मढ़ौरा प्रखंड अध्यक्ष गामा सिंह हैं, जो एक लड़की के साथ भागते हुए नजर आ रहे हैं, जिसका कुछ लोग वीडियो बना रहे हैं। लोगों का दावा है कि, जब उन्होंने उन्हें (लड़की और गामा सिंह) को आपत्तिजक स्थिति में देखा तो वह भागने लगे।

‘अरे यह तो गामा चाचा हैं…..’

वायरल वीडियो कल शनिवार का बताया जा रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि खेत में एक लड़की नेता के पीछे भाग रही है, जबकि कुछ युवक उनका पीछा करते हैं। अचानक युवक रुकते हैं और कहते हैं कि, ‘अरे यह तो गामा चाचा हैं।’ इस दौरान युवती अपना चेहरा छुपाने की कोशिश करती है, जब कुछ युवक उसके चेहरे से दुपट्टा हटाने की कोशिश करते हैं, तो वह उनसे भीड़ जाती है और चप्पल मारने के लिए भी उठाती है और वीडियो बनाने से मना करती है। इसके बाद वह आदमी और युवती वहां से चले जाते हैं।

जदयू नेता ने मीडिया में आकर दी सफाई

हालांकि वीडियो के वायरल होते ही जिले में हड़कंप मच गया। लोग जदयू के मढ़ौरा प्रखंड अध्यक्ष गामा सिंह को लेकर तरह-तरह की बाते करने लगते हैं। मामला इतना बढ़ जाता है कि गामा सिंह को मीडिया में आकर सफाई देनी पड़ती है। आज रविवार को गामा सिंह ने कहा कि, वे गेहूं कटाई के लिए खेत की ओर गए थे। वहां कुछ लडके पहले से ही मौजूद थे। इस दौरान एक लड़की वहां से गुजर रही थी, जिसके साथ उन लोगों ने छेड़खानी शुरू कर दी। बाद में लड़की खुद को बचाने के लिए उनके साथ सड़क की ओर जाने लगी तो युवकों ने वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया और दुष्प्रचार करने लगे। गामा सिंह ने वीडियो फैलाकर उन्हें बदनाम किए जाने का आरोप लगाया है।

युवती ने युवकों पर लगाया छेड़खानी का आरोप

वायरल वीडियो में दिख रही युवती ने भी मामले को लेकर अपनी सफाई दी है। युवती के मुताबिक उसके साथ छेड़खानी करने वाले युवकों ने ही गलत तरीके से वीडियो बनाकर उसे वायरल किया है। युवती ने बताया कि, घटना के दौरान वह बाजार से घर जा रही थी। उसे ऑटो नहीं मिला था, जिस कारण वह पैदल ही जा रही थी। उसने बताया कि, रास्ते में शौच के लिए वह एक सुनसान खेत की ओर गई, जहां अचानक से कुछ युवक आ गए और उसके साथ छेड़खानी करने लगे। खुद को बचाने के लिए वह गामा सिंह की ओर दौड़ी जिसका वीडियो बनाकर लोगों ने वायरल कर दिया।

वीडियो को लेकर लोगों में अलग-अलग राय

फिलहाल वायरल को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। कुछ लोग गामा सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग उनके अच्छे आचरण का हवाला देते हुए वीडियो को एक साजिश बता रहे हैं।

ये भी पढ़ें- ‘लालू की तरह नीतीश ने नौकरी के बदले जमीन नहीं ली’, नीरज कुमार का तेजस्वी पर बड़ा हमला, नेता प्रतिपक्ष को दे डाली यह चुनौती