शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम ने एक बार फिर पलटी मारी है। जहां कुछ दिन पहले ठंड का दौर कमजोर पड़ रहा था, वहीं अब पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के नए सिस्टम के असर से राज्य के मौसम में बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग (IMD भोपाल) ने 18 और 19 फरवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

तापमान में बढ़ोतरी, लेकिन सर्दी का दौर जारी

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। फिलहाल प्रदेश में हल्की सर्दी का दौर जारी है। ज्यादातर शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होगी, जबकि दिन में धूप का असर बढ़ेगा।

किन जिलों में बारिश की संभावना?

बारिश का असर मुख्य रूप से राज्य के उत्तरी हिस्से यानी ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में दिखेगा। इनमें शामिल प्रमुख जिले:

  • ग्वालियर
  • श्योपुर
  • टीकमगढ़
  • छतरपुर
  • मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी (संभावित)

इन जिलों में 18 और 19 फरवरी को हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं। गरज-चमक के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है। इससे जुड़े अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे और मौसम सुहावना रहेगा।

भोपाल, इंदौर और अन्य शहरों में क्या हाल?

राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन सहित मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बारिश की संभावना कम है। यहां मुख्य रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बूंदाबांदी नहीं होगी। तापमान में हल्की बढ़ोतरी से ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह-शाम की सर्दी बनी रहेगी।

क्यों बदलेगा मौसम?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो हिमालय क्षेत्र से शुरू होकर उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों तक प्रभाव डालेगा। इससे पहले के सिस्टम के कारण भी कुछ इलाकों में हल्की गतिविधियां देखी जा रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m