देश की राजधानी दिल्ली में अप्रैल का महीना इस बार राहत भरा साबित हो रहा है. मंगलवार (7 अप्रैल) सुबह शहर के कई इलाकों में हुई बारिश ने लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत दिलाई. बीते कुछ दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है, जिससे वातावरण सुहावना बना हुआ है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. साथ ही, राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि दिनभर ठंडी हवाएं चलने से तापमान सामान्य से कम बना रहेगा.

मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बताए जा रहे हैं. इनके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों के साथ दिल्ली-एनसीआर का मौसम प्रभावित हो रहा है. इसके चलते बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है. बारिश और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन के समय भी गर्मी का असर कम महसूस हो रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए 7 और 8 अप्रैल को येलो अलर्ट जारी किया है. इस अलर्ट का मतलब है कि मौसम सामान्य से अलग रह सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी, आंधी-तूफान की संभावना बनी रहेगी कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है इस बदलाव के पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है.

मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए जारी की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा सुबह 6 बजे जारी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 2 घंटों के दौरान कई इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है. IMD के मुताबिक दिल्ली के इंडिया गेट, अक्षरधाम, पालम, सफदरजंग, लोदी रोड, नेहरू स्टेडियम, आईजीआई एयरपोर्ट, वसंत विहार, आरके पुरम, डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, वसंत कुंज, हौजखास, मालवीय नगर, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर, इग्नू, आयानगर और डेरामंडी वहीं एनसीआर के नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, बल्लभगढ़ और छपरौला इन सभी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं , गरज-चमक (थंडरस्टॉर्म) की संभावना , कुछ जगहों पर बिजली गिरने का भी खतरा है.

दिल्ली में 2 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी

आने वाले दो दिनों तक राजधानी में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिलेगी. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है.

मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे दिन के समय भी गर्मी का असर कम रहेगा और मौसम सुहावना बना रहेगा. इस बीच, सोमवार को भी राजधानी का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया. सफदरजंग वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया .

हवा में भी सुधार के आसार

दिल्ली में बदलते मौसम का असर अब वायु गुणवत्ता पर भी दिखने की उम्मीद है. आंधी, बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रदूषण के स्तर में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को साफ हवा मिल सकती है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) को इस तरह वर्गीकृत किया जाता है 0 से 50: अच्छा 51 से 100: संतोषजनक 101 से 200: मध्यम 201 से 300: खराब 301 से 400: बहुत खराब 401 से 500: गंभीर मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश के कारण हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कण नीचे बैठ जाते हैं, जबकि तेज हवाएं इन्हें फैलाकर हवा को साफ करने में मदद करती हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m