'शिवराज सिंह चौहान को हवाई जहाज में दी जाएगी पर्ची', पर्यवेक्षक बनाए जाने पर बोली RJD

बिहार में बीजेपी के विधायक दल के नेता का चुनाव होना है. इसके लिए पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पार्टी ने जिम्मेदारी दी है.

कल (14 अप्रैल) शिवराज सिंह चौहान बिहार आएंगे. बिहार दौर से पहले इस पर आरजेडी की प्रतिक्रिया आई है.

सोमवार (13 अप्रैल, 2026) को आरजेडी सांसद मनोज झा ने इस पर कहा, "बिहार कई संभावनाओं को खारिज कर चुका है.

जो प्रभारी महोदय तय किए गए हैं उन्हें भी नहीं पता होगा कि किसको चुनना है. उन्हें भी पर्ची हवाई जहाज में जाते समय दी जाएगी… सेलो टेप से बांधकर कि इसी टाइम पर खुलेगा. पर्ची खुलने दीजिए."

बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं.

इस बीच, 14 अप्रैल का दिन भी अहम माना जा रहा है. इस दिन सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मौजूदा मंत्रि परिषद की अंतिम बैठक होगी.

बैठक के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे, जिसके साथ ही वर्तमान सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा

इसके तुरंत बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी.