IPL 2026: पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब भारत में ईंधन आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। इस स्थिति का प्रभाव देश में आयोजित होने वाली क्रिकेट लीग IPL 2026 पर भी पड़ सकता है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा है कि ईंधन आपूर्ति में आई बाधाओं के कारण घरेलू और आवश्यक गैर-घरेलू क्षेत्रों को एलपीजी (LPG) की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे में बड़े आयोजनों पर भी इसका प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
हालात के मुताबिक लिया जाएगा फैसला – अरुण धूमल

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष अरुण धूमल ने एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान बताया कि बोर्ड इस पूरे मामले पर लगातार नजर रखे हुए है। धूमल ने कहा- युद्ध के कारण हालात हर दिन बदल रहे हैं, इसलिए फिलहाल कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि आईपीएल 2026 कुछ ही दिनों में शुरू होने वाला है और उस समय की परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए ही आगे का फैसला किया जाएगा।
28 मार्च से होना है IPL का आगाज
आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से प्रस्तावित है, लेकिन अब तक इसके आधिकारिक शेड्यूल की घोषणा नहीं की गई है। बीसीसीआई विभिन्न राज्यों में होने वाले चुनावों से टकराव से बचने के लिए भी कार्यक्रम की बारीकियों पर काम कर रहा है। वहीं, यदि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की स्थिति लंबी खिंचती है तो इसका असर न केवल आईपीएल बल्कि उद्योगों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों सहित समाज के कई क्षेत्रों पर पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें : Sanju Samson के साथ ओपनर बना ये पाकिस्तानी, T20 WC 2026 की बेस्ट टीम का ऐलान, 4 भारतीयों को मिली जगह
कई फ्रेंचाइजी ने शुरू किए प्रशिक्षण शिविर
इस बीच कई फ्रेंचाइजी ने अपने-अपने शहरों में प्रशिक्षण शिविर शुरू कर दिए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स का कैंप पिछले कुछ दिनों से जारी है, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने भी अपना ट्रेनिंग कैंप लगा लिया है। वहीं पंजाब किंग्स की टीम धर्मशाला में डेरा डाले हुए है, जहां लगभग दस खिलाड़ी अभ्यास में भाग ले रहे हैं।
बेंगलुरु और चेन्नई के होटलों में LPG संकट
पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के कारण पेट्रोलियम और एलपीजी उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। बेंगलुरु और चेन्नई के होटल व्यवसायी संघों ने बताया है कि उनके पास केवल एक-दो दिनों के लिए ही एलपीजी की आपूर्ति बची है। स्थिति को देखते हुए कई होटलों ने एलपीजी की खपत कम करने के लिए अपने मेन्यू तक सीमित करने शुरू कर दिए हैं।
लॉजिस्टिक्स भी बन सकता है चुनौती
एलपीजी आपूर्ति के अलावा लॉजिस्टिक्स भी बड़ी चुनौती बन सकता है। हाल ही में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भी ऐसा देखने को मिला था, जब जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका सहित कई टीमें पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और उड़ान मार्गों में आई बाधाओं के कारण तुरंत भारत से अपने देशों के लिए रवाना नहीं हो सकीं।
ऐसे में यदि मौजूदा हालात लंबे समय तक बने रहते हैं, तो बीसीसीआई को आईपीएल 2026 के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेना पड़ सकता है।

