मनेंद्र पटेल, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला छावनी थाना क्षेत्र का है, जहां 18 वर्षीय युवक पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार रितिक चौधरी देर शाम बाजार से सामान खरीदकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और पैसे लूटने की कोशिश की। युवक ने बहादुरी दिखाते हुए लूट का विरोध किया, जिससे आक्रोशित बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले के बाद रितिक ने जोर-जोर से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने गंभीर रूप से घायल रितिक को सुपेला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छावनी बाजार क्षेत्र के आसपास लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। लगातार बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।