5 wickets in 5 balls: क्रिकेट में कब क्या हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता. यह एक ऐसा खेल है, जिसमें रिकॉर्ड बनते और टूटते हैं. कुछ कीर्तिमान ऐसे हैं, जो इतिहास में ऐसे दर्ज होते हैं, जो भुलाए भी नहीं भूलते, क्योंकि वो खास होते हैं. 8 मार्च 2026 के दिन एक ऐसा ही कीर्तिमान बना है, जिसने हर एक फैन को हैरान कर दिया. खास बात ये है कि इस रिकॉर्ड को बनाने वाला खिलाड़ी भी हैरान है कि आखिर उसने ऐसा कैसे कर दिखाया. अब सवाल ये है कि आखिर ये रिकॉर्ड क्या है, जिसकी चर्चा हर तरफ है. आइए जानते हैं…

दरअसल, न्यूजीलैंड में इन दिनों घरेलू क्रिकेट की धूम है. वहां प्लंकेट शील्ड टूर्नामेंट चल रहा है, जो फर्स्ट क्लास के तहत आता है. सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स और नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के बीच नेपियर में मुकाबला चल रहा है. इस मैच में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल ने 5 गेंदों पर 5 विकेट निकाल दिए, वो भी लगातार. ये सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन ऐसा हो चुका है. 30 साल के इस तेज गेंदबाज ने कमाल की बॉलिंग की और घरेलू क्रिकेट का 254 साल पुराना इतिहास एक झटके में बदल डाला.

मुकाबले के दूसरे दिन रैंडेल ने घातक गेंदबाजी का नजारा पेश किया. उन्होंने नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की टीम को पहली पारी में कुछ ही मिनटों में ढहा दिया. टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 4 रन था, लेकिन रैंडेल की पांच गेंदों के अंदर ही वह 9 रन पर 5 विकेट गंवा बैठी. देखते ही देखते पूरी टीम 82 रनों पर सिमट गई. रैंडेल ने 11 ओवर में 25 रन देकर 7 बल्लेबाजों का शिकार किया.

कैसे पूरे किए 5 विकेट?

रैंडेल अपनी टीम के लिए स्पेल का दूसरा ओवर लेकर आए थे, जिसकी आखिरी गेंद पर उन्होंने हेनरी कूपर को बोल्ड किया. यह उनका पहला विकेट था. इसके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर जीत रावल को बोल्ड कर दिया. फिर अगली गेंद पर जो कार्टर कैच आउट हुए. इस तरह उनकी हैट्रिक पूरी हुई. फिर क्रीज पर उतरे रॉबर्ट ओ’डॉनेल को स्लिप में कैच आउट कराया. ओवर की चौथी बॉल पर क्रिस्टियन क्लार्क भी अंदरूनी किनारा लगने के बाद बोल्ड हो गए. इस तरह रैंडेल ने लगातार पांच गेंदों में पांच विकेट झटकते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया.

5 विकेट पूरे करने के बाद भी रैंडेल का कहर नहीं थमा. उन्होंने बेन पोमारे और स्कॉट कुगेलाइन को भी आउट कर दिया और वो फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 8 गेंदों में 6 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज भी बन गए. उन्होंने पारी में कुल 7 शिकार किए. रैंडेल की घातक बॉलिंग के सामने नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स बिखर गई. इससे पहले सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स ने अपनी पहली पारी में 373 रन बनाए थे, लिहाजा नॉर्दर्न को फॉलो-ऑन खेलना पड़ा.

7 विकेट लेने वाले रैंडेल भी हैं हैरान

घातक गेंदबाजी के दम पर 7 विकेट लेने वाले बॉलर रैंडेल को भी यकीन नहीं हो रहा कि उन्होंने इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. मैच के बाद उन्होंने कहा कि सच में हैरान हूं. यह पल ऐसा था, जैसे खुद को चुटकी काटकर देखूं कि यह सच में हो रहा है. वह बस वही लाइन-लेंथ बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे और अपनी टीम की योजना के अनुसार गेंदबाजी कर रहे थे. गौर करने वाली बात ये है कि टीम के सीनियर खिलाड़ी चोटिल थे, तभी जाकर रैंडेल को इस मैच में खेलने का मौका मिला और उन्होंने इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H