Who is Best Captain in IPL: आईपीएल का इतिहास 18 साल पुराना है. इस लीग में कई खिलाड़ी आए और छाए. कुछ को कप्तानी मिली, लेकिन वे सफल नहीं हुए और गुमनामी के अंधेरे में खो गए. वहीं कुछ ऐसे दिग्गज हैं, जिन्होंने ना सिर्फ रनों की बारिश की बल्कि कप्तानी के मामले में भी अपना नाम कमाया. जब भी हम इस लीग में सबसे सफल कप्तानों की बात करते हैं तो पहला नाम एमएस धोनी और दूसरा नाम रोहित शर्मा का आता है. इन दोनों ही दिग्गजों ने अपनी-अपनी टीमों को 5-5 बार चैंपियन बनाया है. लेकिन अगर आपसे कहा जाए कि एक ऐसा स्टार है, जो कप्तानी के मामले में इनसे भी आगे है, तो शायद आप चौंक जाएंगे, लेकिन यह सच है.
जब हम सबसे ज्यादा जीत के प्रतिशत के आधार पर बेस्ट कप्तान की बात करते हैं तो एक खिलाड़ी धोनी और रोहित से भी आगे है. ये कोई और नहीं बल्कि दाएं हाथ के स्टार भारतीय बैटर श्रेयस अय्यर हैं. उनके नाम एक खास रिकॉर्ड भी दर्ज है.
अय्यर इस लीग के इतिहास में तीन अलग-अलग टीमों (दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स) को फाइनल में ले जाने वाले इकलौते कप्तान हैं. सबसे पहले उन्होंने 2020 में दिल्ली की टीम को फाइनल में पहुंचाया, फिर 2024 में केकेआर को चैंपियन बनाया और 2025 में पंजाब किंग्स को भी खिताबी मुकाबले तक पहुंचाया.
कैसे नंबर 1 कप्तान हैं श्रेयस अय्यर?
अब ये जान लेते हैं कि आखिर कैसे श्रेयस अय्यर सबसे बेस्ट कप्तान हैं. जब हम कम से कम 50 मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों का जीत प्रतिशत देखते हैं, तो अय्यर नंबर 1 पर हैं. उनका विनिंग परसेंटेज 58.82% है, जो धोनी (58.36%) और रोहित (56.32%) से बेहतर है. इस तरह वह कम से कम 50 मैचों में सबसे सफल कप्तानों की लिस्ट में नंबर 1 पर काबिज हैं. अय्यर ने अब तक 87 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 50 मैच जीते, 35 हारे और 2 मैच बेनतीजा रहे.
लिस्ट में सचिन, रोहित, धोनी और वॉर्न कहां?
इस लिस्ट में दूसरा नाम क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का है, जिनका विन प्रतिशत अय्यर के बराबर 58.82% है, लेकिन उन्होंने सिर्फ 51 मैचों में कप्तानी की है.
चेन्नई सुपर किंग्स को 5 खिताब जिताने वाले एमएस धोनी इस मामले में 58.36% के साथ तीसरे और मुंबई इंडियंस के लिए 5 ट्रॉफी जिताने वाले रोहित शर्मा 56.32% के साथ पांचवें नंबर पर हैं.
वहीं चौथे नंबर पर शेन वॉर्न (56.36%) का नाम है, जिन्होंने 2008 में राजस्थान की टीम को चैंपियन बनाया था.
पिछले सीजन 604 रन बनाए थे
श्रेयस अय्यर 2025 में फाइनल में खिताब जीतने से चूक गए थे, लेकिन वह एक बार फिर मैदान पर टूटे सपने को हकीकत में बदलना चाहेंगे. उनकी टीम का पहला मैच 31 मार्च को गुजरात टाइटंस से है.
अय्यर इस लीग में अब तक 132 मैच खेलकर 3731 रन बना चुके हैं. आईपीएल 2025 में उन्होंने 17 मैचों में 50.33 की औसत से 604 रन बनाए थे, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल थे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

