० पति ने रिश्तेदार पर पत्नी को बहला-फुसलाकर भगाने का जताया शक, बहन की शादी के लिए रखी रकम भी गायब होने का दावा

अंबाला। हरियाणा के अंबाला जिले के मुलाना थाना क्षेत्र से एक महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी घर में रखी करीब 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 60 से 70 हजार रुपये नकद लेकर चली गई है। मामले में उसने अपने ही रिश्तेदार पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया है।

शिकायतकर्ता राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने अगस्त 2025 में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी नाजिया से प्रेम विवाह किया था। 16 जुलाई 2026 को वह रोज़ की तरह मजदूरी करने मुलाना गया था। शाम को घर लौटने पर पत्नी घर में नहीं मिली। परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद मिला।

राजेश का कहना है कि अगले महीने उसकी बहन की शादी है, जिसके लिए घर में नकदी और जेवरात रखे गए थे। आरोप है कि नाजिया घर छोड़ते समय यह सामान भी अपने साथ ले गई।

पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई है कि उसकी पत्नी उसके मामा के बेटे के साथ गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की तलाश की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।