Bihar Crime: राजधानी पटना में ईद के दिन एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से वार कर निर्मम तरीके से हत्या कर दी। दिल को दहला देने वाली यह घटना आलमगंज थाना क्षेत्र की है, जहां पीरबैस मार्केट के पास रहने वाले मोहम्मद सोनू ने मामूली पारिवारिक विवाद में अपनी पत्नी जेबा परवीन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद खुशियों का त्योहार मातम में बदल गया।

मामूली विवाद में पत्नी की हत्या

मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच ईद की शाम (शनिवार, 21 मार्च) किसी बात को लेकर नोकझोंक हुई थी। इस दौरान सोनू का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने बिना कुछ सोचे जेबा परवीन के पेट, गर्दन और हाथ पर ताबड़तोड़ एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

मासूम के सामने हुई वारदात

घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि, जब सोनू परवीन को चाकू से मार रहा था उस दौरान उसका 4 साल का मासूम बेटा वहीं पर मौजूद था। उसने अपनी आंखों से मां का कत्ल होते हुए देखा। घटना को अंजाम देने के बाद सोनू मौके से फरार हो गया। इसके बाद डरा सहमा हुआ बच्चा भागकर पास में रहने वाली मौसी के घर पहुंचा और घटना की जानकारी दी।

इलाज के दौरान हुई मौत

बच्चे की बात सुनकर जब परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा की परवीन खून से लथपथ तड़प रही थी। लोग उसे तुरंत नालंदा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ईद के दिन हुए इस घटना ने परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

जेबा परवीन और सोनू की शादी चार साल पहले हुई थी। घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि वह जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर इस मामले का खुलासा करेगी।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: नालंदा में पोकलेन चालक की गोली मारकर हत्या, साइट इंजीनियर को मारने आए थे बदमाश, लेकिन…