अनमोल मिश्रा, सतना। जिले के चित्रकूट स्थित बरौंधा वन परिक्षेत्र अंतर्गत केल्हौरा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान पर अचानक जंगली भालू ने हमला कर दिया। भालू के इस अचानक हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मझगवां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जानकारी के अनुसार केल्हौरा गांव निवासी 50 वर्षीय रामकिशोर मवासी सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में रोजमर्रा का कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पास के जंगल से निकलकर आए एक जंगली भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते भालू ने अपने नुकीले पंजों और दांतों से उनके हाथ और पैर पर वार कर दिया। 

भालू के हमले से रामकिशोर जमीन पर गिर पड़े और बुरी तरह लहूलुहान हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों की आवाज और हलचल देखकर भालू कुछ देर बाद जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने तत्काल घायल किसान को मझगवां अस्पताल पहुंचाया। 

अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि रामकिशोर के हाथ और पैर में गहरे कटे-फटे घाव हैं। कई स्थानों पर टांके लगाए गए हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। घटना के बाद केल्हौरा सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। 

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से जंगल के आसपास भालुओं की आवाजाही बढ़ गई है, लेकिन इस तरह का जानलेवा हमला पहली बार हुआ है। घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में टीम भेजकर भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m