बांग्लादेश में आम चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है. देश में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार होने जा रहे इस चुनाव में न सिर्फ सत्ता की लड़ाई तेज है, बल्कि भारत-विरोधी राजनीति भी खुलकर सामने आ रही है. बांग्लादेश में 12 फरवरी को वोटिंग होगी। मंगलवार सुबह 7.30 बजे चुनाव प्रचार खत्म हो गया। अब राजनीतिक दल और उम्मीदवार किसी भी तरह की प्रचार गतिविधि नहीं कर सकते हैं। चुनाव के बाद बांग्लादेश को नया प्रधानमंत्री मिलने की संभावना है। अभी यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार चल रही है।

इस बार चुनाव का मुख्य मुकाबला पूर्व PM दिवंगत खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान की अगुआई वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी के बीच माना जा रहा है.

बांग्लादेश के प्रमुख अखबार प्रथोम आलो द्वारा कराए गए सर्वे में बीएनपी को स्पष्ट बढ़त दिखाई गई है. सर्वे के मुताबिक बीएनपी को 200 से ज्यादा सीटें मिल सकती हैं, जिससे पार्टी पूर्ण बहुमत के करीब पहुंच सकती है. ऐसे में लंबे समय बाद ब्रिटेन से लौटे तारिक रहमान के बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है.

सर्वे में यह भी सामने आया है कि भारत-विरोधी रुख के लिए जानी जाने वाली जमात-ए-इस्लामी की स्थिति मजबूत नहीं दिख रही है. शफीकुर्रहमान के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही जमात को करीब 50 सीटें मिलने का अनुमान है. हालांकि वह संसद में एक प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभा सकती है.

एक बांग्लादेशी अखबार के अनुसार एमिनेंस एसोसिएट्स फॉर सोशल डेवलपमेंट द्वारा किए गए एक ओपिनियन पोल में अनुमान लगाया गया है कि बीएनपी के नेतृत्व वाला गठबंधन 13वें राष्ट्रीय चुनावों में लगभग 208 सीटें जीत सकता है। सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाला गठबंधन लगभग 46 सीटें जीत सकता है। इसमें यह भी अनुमान लगाया गया है कि जातीय पार्टी तीन सीटें, अन्य पार्टियां चार सीटें और निर्दलीय उम्मीदवार लगभग 17 सीटें जीत सकते हैं।

बांग्लादेश की संसद में कुल 350 सीटें हैं. इनमें से 300 सीटों पर जनता सीधे मतदान करती है, जबकि 50 सीटों पर अप्रत्यक्ष निर्वाचन होता है. सर्वे के अनुसार बांग्लादेश जातीय पार्टी को करीब 3 सीटें मिल सकती हैं, जबकि बाकी सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में जाने का अनुमान है. भारत की तरह बांग्लादेश में भी सांसदों का कार्यकाल पांच साल का होता है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m