सत्या राजपूत, रायपुर। नगर निगम रायपुर में प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन भुगतान में अनावश्यक विलंब करने पर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम ने अनशर्यान सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, अमनपुर जबलपुर (मध्यप्रदेश) का ठेका निरस्त करते हुए एजेंसी द्वारा जमा की गई सुरक्षा निधि एफडीआर को राजसात कर लिया है।


नगर निगम सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि रायपुर नगर पालिक निगम में प्लेसमेंट के माध्यम से कार्यरत 57 कंप्यूटर ऑपरेटर एवं 2 स्टेनोग्राफर को समयावधि में वेतन भुगतान न कर अनावश्यक पत्र व्यवहार कर नगर पालिक निगम रायपुर का समय बर्बाद करने तथा निर्धारित समय में प्लेसमेंट कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं किए जाने के कारण विगत दिनांक 25 नवंबर 2025 के आदेशानुसार अनुबंधित एजेंसी मेसर्स अनशर्यान सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, अमनपुर जबलपुर (मध्यप्रदेश) द्वारा जमा की गई सुरक्षा निधि एफडीआर की राशि को राजसात करते हुए ठेका निरस्त कर दिया गया है।
कार्यादेश जारी होने के बाद भी अनुबंधित एजेंसी द्वारा सभी कर्मचारियों का माह दिसंबर 2025 का वेतन भुगतान किया जाना था, जो कि आज दिनांक तक लंबित है।
नगर निगम रायपुर ने सर्वप्रथम संदर्भित पत्र क्रमांक-1 के माध्यम से अनुबंध की कंडिका क्रमांक-13 के अनुसार 5 तारीख तक कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं किए जाने एवं एजेंसी द्वारा प्रस्तुत बिल में ईपीएफ एवं ईएसआईसी की राशि भुगतान संबंधी चालान प्रस्तुत नहीं करने के कारण पत्र प्रेषित किया गया था, किंतु एजेंसी द्वारा कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं किया गया एवं एजेंसी द्वारा प्रस्तुत जवाब समाधानकारक न होने के कारण एजेंसी को पत्र क्रमांक-2 के माध्यम से पुनः पत्र प्रेषित किया गया।
संबंधित अनुबंधित एजेंसी मेसर्स अनशर्यान द्वारा चाही गई फॉर्म एजेंसी को उपलब्ध करा दी गई है। एजेंसी द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर/स्टेनोग्राफर की चाही गई जानकारी (बैंक विवरण, UAN नंबर, ESIC नंबर, आधार कार्ड, कर्मचारियों की मार्कशीट की फोटोकॉपी) तथा नगर पालिक निगम रायपुर का रजिस्ट्रेशन नंबर आदि एजेंसी को उपलब्ध करा दिया गया है।
संबंधित एजेंसी द्वारा चाही गई सभी जानकारी उपलब्ध कराने के पश्चात अनुबंध की कंडिका क्रमांक-10 के अनुसार कर्मचारियों के वेतन भुगतान से संबंधित RTGS एवं ईपीएफ/ईएसआईसी की राशि भुगतान संबंधी चालान प्रस्तुत करने के लिए संदर्भित पत्र क्रमांक-3 के माध्यम से एजेंसी को दिनांक 29 जनवरी 2026 को अपरान्ह 12 बजे तक सभी कर्मचारियों का वेतन भुगतान करने के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन आज दिनांक तक अनुबंधित एजेंसी मेसर्स अनशर्यान सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, अमनपुर जबलपुर (मध्यप्रदेश) द्वारा कर्मचारियों को वेतन भुगतान नहीं किया गया है।
एजेंसी द्वारा प्रस्तुत पत्र दिनांक 30 जनवरी 2026 में यह लेख किया गया है कि समस्त कर्मचारियों के लेबर लाइसेंस बनवाने में प्रति व्यक्ति 1275/- रुपये का अतिरिक्त भार पड़ रहा है। इस संबंध में कार्यालयीन पत्र क्रमांक 30 जनवरी 2026 के माध्यम से सहायक श्रम आयुक्त, जिला-रायपुर (छ.ग.) को जानकारी के लिए प्रेषित किया गया।
संदर्भित पत्र क्रमांक-4 के माध्यम से सहायक श्रम आयुक्त, जिला-रायपुर द्वारा यह अवगत कराया गया कि प्रति व्यक्ति के लिए 1012 रुपये (प्रतिभूति राशि एवं अनुज्ञप्ति शुल्क) का भार आएगा तथा कार्य पूर्ण होने के उपरांत जमा की गई सुरक्षा निधि की वापसी का प्रावधान है, जो कि ठेकेदार द्वारा कार्य पूर्ण करने के पश्चात कार्यालय में अनुज्ञप्ति, सुरक्षा निधि राशि का चालान एवं प्रमुख नियोजन द्वारा प्रदाय फॉर्म VI-B प्रस्तुत करने पर ठेकेदार के बैंक खाते में ऑनलाइन हस्तांतरित की जाती है।
इससे यह स्पष्ट होता है कि अनुबंधित एजेंसी मेसर्स अनशर्यान सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, अमनपुर जबलपुर द्वारा नगर पालिक निगम रायपुर को गलत तथ्य प्रस्तुत किए जा रहे हैं तथा कंप्यूटर ऑपरेटर/स्टेनोग्राफर को समयावधि में वेतन भुगतान न कर अनावश्यक पत्राचार के माध्यम से नगर पालिक निगम रायपुर का व्यर्थ में समय बर्बाद किया जा रहा है।
अतः समयावधि में कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं किए जाने के कारण संबंधित अनुबंधित एजेंसी मेसर्स अनशर्यान, कालीमठ मंदिर के पास, अमनपुर जबलपुर (मध्यप्रदेश) द्वारा जमा की गई सुरक्षा निधि की राशि एफडीआर दिनांक 23 सितंबर 2025 को राजसात करते हुए अनुबंधित एजेंसी का ठेका निरस्त कर दिया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


