न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर में पुलिस ने हत्या के आरोप में मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला मृतक पर गांजा की पुड़िया बेचने का दबाव बनाती थी। लेकिन मना करने पर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर इस मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है।

दरअसल, घटना 28 मार्च की है जहां कोतमा के बदरा श्रमिक नगर में 34 वर्षीय मनोज साहू की हत्या कर दी गई थी। थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि मृतक के भाई रमेश साहू ने अपने भाई मनोज साहू की हत्या की सूचना दी थी। उसने बताया कि शिवराम चौधरी उसके भाई मनोज साहू उर्फ छोटे को यूके लिप्टस के डंडे से मार रहा था। शिवराम के साथ उसकी मां रैमुन बाई भी थी जो हाथ-मुक्के और डंडे से वार कर रही थी। 

मारपीट से मनोज गिरकर बेहोश हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। विवेचना में रैमुन बाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं उसके बेटे आरोपी शिवराम चौधरी को भी चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि मनोज चौधरी का पड़ोसी रैमुन बाई के यहां आना जाना था। उसके बेटे शिवराम चौधरी से उसकी दोस्ती थी। जिसके कारण शिवराम चौधरी और मनोज साहू गांजा और शराब का साथ सेवन करते थे। 

रैमुन बाई और उसका बेटा शिवराम गांजे की पुड़िया बेचने का कारोबार करते थे। जिसमें महिला मनोज से भी दो-चार पुड़िया बेचने के लिए दबाव बना रही थी। लेकिन उसने इससे इनकार कर दिया था। जिससे नाराज होकर महिला और उसके बेटे ने मिलकर पीट- पीटकर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी शिवराम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त यूके लिप्टस का डंडा भी जब्त किया गया है। आरोपियों से हत्या के कारणों की पूछताछ करते हुए खुलासा भी किया है। वही दोनों आरोपी मां बेटे को पुलिस ने कोर्ट पेश कर जेल भेज दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m