Bihar Weather Report: बिहार में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ नजर आ रहा है। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इस बीच आज मंगलवार (17 मार्च) को मौसम विभाग ने प्रदेश के लगभग 20 जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में 50 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, इसके अलावा आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

पूर्वी बिहार और उत्तर के जिलों में इसका अधिक असर देखने को मिल सकता है। वहीं, दक्षिण और पश्चिमी वाले हिस्सों में मौसम के सामान्य बने रहने की उम्मीद है। विभाग के मुताबिक प्रदेश का तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

नालंदा का राजगीर रहा सबसे गर्म इलाका

कल सोमवार की बात करें तो प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। नालंदा के राजगीर में 37.6 डिग्री सेल्सियस सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। वहीं, कई जिलों का तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक दर्ज हुआ। हालांकि शाम होते-होत मौसम ने करवट ली और अधिकांश जिलों में बादल छाने और आंधी-पानी जैसे हालात बन गए। अररिया और किशनगंज में जहां भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई। वहीं, राजधानी पटना समेत कई जिलों में तेज आंधी के चलते मौसम सुहावना हो गया।

कई जिलों में तेज बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने आज मंगलवार को सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा और वैशाली समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही इन इलाकों में वज्रपात और आंधी को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना की बात करे तो यहां बारिश के आसार कम है। हालांकि बादल के छाए रहने से यहां का मौसम सुहावना बना रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बदलाव

मौसम विभाग ने बिहार में हो रहे मौसम बदलाव के लिए सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी को कारण बताया है। इनके प्रभाव से वातावरण में अस्थिरता पैदा हो गई है, जिससे बादल बन रहे हैं और आंधी-बारिश की स्थिति बन रही है। सतही हवा की दिशा में बदलाव के कारण भी राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बढ़ गई है।

20 मार्च तक बारिश और तूफान वाला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 20 मार्च तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति देखने को मिल सकती है। उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। हालांकि मौसम में बदलाव होने के साथ प्रदेशवासियों को अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत जरूर मिलने वाली है।

ये भी पढ़ें- पुलिस वालों की लाशें बिछा देंगे…SHO को धमकी देने वाले दो बमदाश एनकाउंटर में ढेर, STF का एक जवान शहीद