लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेशवासियों के नाम पत्र लिखा है. जिसमें उन्होंने नवनिर्माण के 9 वर्षों का जिक्र किया है. 9 साल में प्रदेश ने जो उन्नति की उड़ान भरी है उसका उल्लेख सीएम ने अपनी पाती में किया है. उन्होंने अपनी पाती में सबसे पहले शक्ति स्वरूपा यानी मातृ शक्तियों को संबोधित किया है. उन्होंन लिखा कि इन 9 सालों में महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार हुआ है और प्रतिदिन की चुनौतियां विकास के अवसरों में बदल गई हैं. हमारी सरकार ने वंचितों को वरीयता दी है.

सीएम ने पाती में लिखा कि ‘आद्यशक्ति मां दुर्गा के 9 स्वरूपों की प्रेरणा से नवनिर्माण के 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने उन्नति की उड़ान भरी है. संयोग से नवरात्र के पावन पर्व के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण हुए हैं. मां के तप, त्याग और शक्ति से प्रेरणा लेकर प्रदेश में सुशासन का नया अध्याय लिखा जा रहा है. उत्तर प्रदेश के गांवों में मातृशक्ति ने शक्तिशाली परिवर्तन का बीड़ा उठाया है. सरकार की योजनाओं का सुफल है कि महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार हुआ है और प्रतिदिन की चुनौतियां विकास के अवसरों में बदल गई हैं. खेती में नवाचार से वित्तीय समावेशन और स्वास्थ्य पहल तक, ये सिद्ध कर रहे हैं कि प्रगति तब सबसे अधिक चमकती है जब समुदायों को स्वयं नेतृत्व का अधिकार मिले.’

इसे भी पढ़ें : UP WEATHER TODAY : प्रदेश में थमा बारिश का दौर, तेज हवाएं चलने की संभावना, तापमान में होगी बढ़ोतरी, आगामी दिनों में फिर चकमा दे सकता है मौसम

योगी ने आगे लिखा कि ‘याद करिए, 2017 से पहले हमारे कारीगर उद्यमी बनने के स्थान पर श्रमिक बनकर पलायन कर रहे थे. परंतु आज यूपी का नागरिक चाहे देश में हो या परदेस में, वह उत्तर प्रदेश लौट रहा है. पहले नौकरियों के अवसर बहुत कम थे और जितने थे उनमें भी भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद हावी था. आज युवा निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां प्राप्त कर रहे हैं. हमारी सरकार ने वंचितों को वरीयता दी है. केवल धनाढ्य लोगों के बच्चे ही अच्छी शिक्षा के अधिकारी नहीं. प्रदेश के प्रत्येक मंडल में अटल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से आज श्रमिक का बच्चा भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहा है. आज अन्नदाता कर्जदार नहीं, अपितु उत्पादक है. वनटांगिया, थारू, मुसहर आदि समुदायों को जहां पिछली सरकारें अनदेखा करती रहीं, उन तक आज हर योजना का लाभ पहुंच रहा है. यह दर्शाता है कि सकारात्मक भाव के साथ किया कोई संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाता.’

योगी ने लिखा कि ‘जगत जननी मां भगवती के आशीर्वाद एवं सरकार के सतत प्रयासों का परिणाम है कि आज प्रदेश भयमुक्त परिवेश में अपने उत्सवों को पूरे उल्लास के साथ मनाता है. बेटियां सुरक्षित हैं. साहस और अमर बलिदान की प्रतीक वीरांगनाओं उदा देवी, झलकारी बाई और रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर 2021 में तीन महिला पीएसी बटालियन स्थापित की गईं. 25 करोड़ नागरिकों की इस पुण्यभूमि ने 2017 से पूर्व के अंधेरे कालखंड से उबर कर १ वर्षों में नवनिर्माण के कीर्तिमान रचे हैं. परंतु इस यात्रा को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक प्रदेशवासी को अपने दायित्वों का निर्वहन ‘राष्ट्रधर्म सर्वप्रथम’ के मंत्र से प्रेरित होकर करना होगा. आद्यशक्ति से प्रार्थना है कि वे इसके लिए हम सभी को शक्ति दें एवं नवचेतना का संचार करें.’