अभिषेक सेमर, तखतपुर। गए थे शिकार करने और खुद शिकार बन गए. ऐसा ही वाकया नदी में करंट लगाकर मछली पकड़ने की कोशिश करने वाले युवक के साथ हुआ, जो खुद करंट की चपेट में आकर मौत के आगोश में समा गया.

यह भी पढ़ें : पॉवर सेंटर : सरकार की जेब पर बोझ… जोखिम… किस्सा… पॉलिटिकल प्रोटेक्शन… महापौर vs निगम कमिश्नर… बदलाव… – आशीष तिवारी

घटना तखतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुरीघाट की है, जहां अवैध तरीके से मछली मारने के दौरान मयाराम केवट (35 वर्ष) खुद ही अपने लगाए बिजली के करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला.

स्थानीय क्षेत्र में नदी-नालों में इस तरह से अवैध रूप से करंट लगाकर मछली पकड़ने का सिलसिला लगातार जारी है. बावजूद इसके, इस पर रोक लगाने के लिए न तो पुलिस और न ही बिजली विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे लोगों में कानून का भय कम होता जा रहा है.

ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां न केवल अवैध हैं, बल्कि इससे अन्य लोगों की जान को भी हर दिन खतरा बना रहता है, कई बार मासूम लोग भी इसकी चपेट में आ सकते हैं. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.