Bihar Crime: पटना के बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई है। लेमुआबाद गांव में हुई इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक लेमुआबाद गांव निवासी अमन कुमार अपने घर के पास खड़े थे। इसी दौरान कुछ लोगों से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने अचानक हथियार निकालकर अमन कुमार पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए पटना रेफर कर दिया। फिलहाल अमन कुमार का इलाज पटना के एक अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।
घायल अमन कुमार का कहना है कि वह घर के पास खड़े थे, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक उन पर गोली चला दी। उन्हें यह समझने का भी मौका नहीं मिला कि आखिर ऐसा क्यों हुआ। वहीं परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे थे और मामूली बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान गोली चला दी गई। परिजनों के मुताबिक घटना के समय वहां चार से पांच लोग मौजूद थे।
घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पंडारक थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- सुल्तानगंज में भीषण सड़क हादसा, एंबुलेंस की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत, दो महिला श्रद्धालु गंभीर
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

