अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरक्षणी मोहल्ले में गुरुवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर छोटी बहन ने बड़ी बहन पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना को लेकर जिले के सूर्यपुरा थाने में एक आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है।

बड़ी बहन के घर पर हुई मां की मौत

घटना को लेकर बड़ी बहन सुनीता देवी का कहना है कि मां को सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के सुअरा गांव से आंख के ऑपरेशन के लिए सासाराम लेकर आई थी, लेकिन इसी क्रम में अचानक उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि मां को पहले से हीं अस्थमा एवं थायराइड की गंभीर बीमारी थी।

छोटी बहन ने लगाया हत्या का आरोप

वहीं मामले में छोटी बहन दुर्गा देवी ने बड़ी बहन के सासाराम स्थित घर पर मां की गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। छोटी बहन के अनुसार बंगाल पुलिस में पदस्थापित पिता की मृत्यु के बाद मां को पेंशन मिलता था और मां मेरे साथ हीं रहती थी। इसके अलावा मां की संपत्ति एवं पेंशन को लेकर बड़ी बहन अक्सर लड़ाई झगड़ा करती थी। छोटी बहन का आरोप है कि बड़ी बहन ने संपत्ति एवं पेंशन की लालच में हीं मां की गला दबाकर हत्या कर दी है।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना को लेकर सूर्यपूरा थाने के चौकीदार हरेंद्र कुमार ने बताया कि महिला की संदिग्ध मौत के संबंध में छोटी बेटी द्वारा थाने को लिखित आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की कार्रवाई चल रही है।

ये भी पढ़ें- भोजपुर में जन्मदिन पर केक लेने जा रहे 9 साल के मासूम को ट्रक ने रौंदा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, चालक गिरफ्तार