सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में मनचलों के बढ़ते हौसले ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला छतौनी थाना क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी गली नंबर तीन का है, जहां लड़कियों से छेड़खानी का विरोध करने पर बदमाशों ने एक युवक और उसकी मां सहित कई महिलाओं के साथ मारपीट की।

जानकारी देने से इंकार करने पर पिटाई

मिली जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भटहा गांव के कुछ युवक बंगाली कॉलोनी पहुंचे और वहां मौजूद दो लड़कियों के साथ छेड़खानी करने लगे। इसी दौरान उन्होंने वहां खड़े अभय कुमार से लड़कियों के बारे में जानकारी मांगी। अभय द्वारा जानकारी देने से इंकार करने पर युवक भड़क गए और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

बेटे को बचाने पहुंची मां को भी पीटा

मारपीट की सूचना मिलते ही अभय की मां विशाखा दास मौके पर पहुंचीं और अपने बेटे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने आई मोहल्ले की अन्य महिलाओं को भी बदमाशों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी हाथापाई की। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

घायल अभय कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने छतौनी थाना में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद अब तक पुलिस मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंची है, जिससे लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है।

आए दिन छेड़खानी करते रहते हैं कुछ युवक

मोहल्ले की महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन कुछ युवक स्कूल के आसपास मंडराते रहते हैं और छात्राओं के साथ छेड़खानी करते हैं। विरोध करने पर वे मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हैं, जिससे लड़कियां घर से निकलने में भी डर महसूस कर रही हैं।

इस मामले में सदर डीएसपी-वन दिलीप कुमार ने बताया कि, शिकायत मिली है और मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी मनचले को बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें- किडनैप कर नाबालिग के साथ 23 दिनों तक गैंगरेप, खाने में सिर्फ 2 रोटी देते थे दरिंदे, कोर्ट ने तीनों दोषियों को सुनाई कठोर सजा