रामकुमार यादव, सरगुजा। जिले के ग्राम पंचायत रेवापुर से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक अपने गले में विशालकाय सांप को लपेटे हुए उसके साथ खेलता नजर आ रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग दंग रह गए हैं।

जानकारी के अनुसार, यह वायरल वीडियो 8 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे का बताया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में दिख रहा युवक हाबील बताया जा रहा है। वहीं सांप रैट स्नेक (Rat Snake) बताया जा रहा है।

रैट स्नेक को धामन या घोड़ा पछाड़ कहा जाता है। यह एक गैर-विषैला (बिना जहर वाला) और बहुत तेज गति से दौड़ने वाला सांप है। इसे चूहों का दुश्मन और ‘किसानों का मित्र’ माना जाता है, क्योंकि यह फसलें बर्बाद करने वाले चूहों को खाकर नियंत्रित करता है।

ग्रामीणों का कहना है कि हाबील जहरीले से जहरीले सांप को भी बेहद आसानी से अपने हाथों में पकड़ लेता है। हालांकि, इस तरह का जोखिम भरा काम कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, बिना प्रशिक्षण और सुरक्षा के सांप पकड़ना बेहद खतरनाक होता है और इससे गंभीर हादसा हो सकता है। ऐसे मामलों में आम लोगों को दूरी बनाए रखने और वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देने की सलाह दी जाती है।

फिलहाल, यह वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

देखिये वीडियो-