मनोज यादव, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां युट्यूबर बेटी ने अपने पिता के साथ हुए विवाद के बाद हसिया से गले पर वार कर उनकी हत्या कर दी। यह घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया की है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट, पिता फिरत राम का परिवार रलिया में रहता था। पिछले 8 सालों से उनकी पत्नी और तीनों बेटियां कोरबा के आदिले चौक में अलग रह रही थीं। इस बीच उनकी दो बेटियां किसी निजी कंपनी में काम कर रही थीं, जबकि एक बेटी पढ़ाई कर रही थी।
सोमवार देर रात अशोक कुमार और उसकी बड़ी बेटी गीता केवट (27 वर्ष) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गीता ने घर पर रखे हसिया से अपने पिता के गले पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर कार्रवाई में जुट गई। वहीं पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि इस परिवारिक विवाद के पीछे मुख्य कारण यह था कि अशोक कुमार अपनी पत्नी और बेटी के चरित्र पर आरोप लगाता था, जिससे घर में तनाव बना हुआ था और विवाद के दौरान गुस्साई बेटी ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


