झज्जर। जिले के डीघल गांव के चर्चित फाइनेंसर साहिल हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। डीसीपी धारणा यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, इस हत्याकांड की मुख्य वजह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो था।

नोएडा से एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में संलिप्त एक आरोपी को नोएडा के सेक्टर 37 से गिरफ्तार किया , जो मूल रूप से मध्य प्रदेश का निवासी है। डीसीपी ने बताया कि, गिरफ्तार आरोपी शिवम को रिमांड पर लेकर पूछताछ किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि शिवम आर्थिक लालच में आकर इस साजिश का हिस्सा बना था।

सोशल मीडिया वीडियो बना हत्या की वजह

पुलिस जांच के अनुसार, फाइनेंसर साहिल का कुछ समय पहले गांव के ही योगी नामक युवक के साथ विवाद हुआ था। साहिल ने इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था, बदला लेने के नियत से उसने हत्या की योजना बनाई। योगी ने गांव के ही लीला नामक युवक और मध्य प्रदेश के शिवम के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

20 राउंड फायरिंग कर दिया वारदात को अंजाम

8 अप्रैल को हुई इस वारदात में हमलावरों ने फाइनेंसर साहिल की घेराबंदी उस समय की जब वह डीघल-सांपला रोड पर स्थित एक बैठक में गया हुआ था। वारदात के वक़्त मृतक के दोस्त भी साथ थे। हमलावरों ने बाहर खड़ी साहिल की थार गाड़ी देखकर उसकी मौजूदगी की पुष्टि की और फिर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं।

मुख्य आरोपियों की तलाश जारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फाइनेंसर साहिल ने बचने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसे आंगन में गिराकर अत्यंत करीब से गोलियां मारीं। पुलिस अब मुख्य आरोपी योगी और लीला की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल वाहन और हथियारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m