० यमुनानगर के बेडथल गांव की घटना, बेटी की वीडियो कॉल के बाद पहुंचे परिजन; अस्पताल में मृत मिली विवाहिता, पोस्टमॉर्टम रुकवाकर गिरफ्तारी की मांग
यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। व्यासपुर क्षेत्र के गांव बेडथल में सास की तेरहवीं के दिन 30 वर्षीय विवाहिता हरप्रीत कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने और लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान हरप्रीत कौर (30) पत्नी राजीव चौहान निवासी गांव बेडथल के रूप में हुई है। मामले में पति राजीव चौहान, ननद डॉली, ननद रीतू और देवरानी नेहा को नामजद किया गया है।
नोटबंदी से पहले हुई थी शादी, दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका के परिजनों ने बताया कि हरप्रीत की शादी वर्ष 2016 में नोटबंदी से कुछ दिन पहले राजीव चौहान से हुई थी। उसका मायका चंडीगढ़ के सेक्टर-29बी में है। पिता गुरदेव सिंह पेशे से ड्राइवर हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही राजीव चौहान, जो जगाधरी में वेटरनरी डॉक्टर है, दहेज की मांग को लेकर हरप्रीत को प्रताड़ित करता था। करीब एक सप्ताह पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उसकी नाक तक टूट गई थी।
सास की तेरहवीं में भी हुआ विवाद
परिजनों के मुताबिक, हरप्रीत की सास बाला की शुगर की बीमारी के कारण हाल ही में मौत हो गई थी। रविवार को उनकी तेरहवीं का कार्यक्रम था, जिसमें हरप्रीत के पिता गुरदेव सिंह, मां सुनीता और भाई इंद्रजीत भी शामिल होने पहुंचे थे।
आरोप है कि तेरहवीं के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और ससुराल पक्ष ने हरप्रीत के साथ मारपीट की। भाई इंद्रजीत उसे अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन ससुराल पक्ष ने भविष्य में ऐसा व्यवहार नहीं करने का भरोसा दिया। इसके बाद रात करीब आठ बजे मायके पक्ष वापस चंडीगढ़ लौट गया।
बेटी ने वीडियो कॉल कर बताया- “मम्मी को लगातार उल्टियां हो रही हैं”
इंद्रजीत के अनुसार, रात करीब 10 बजे उन्होंने बहन को फोन किया, लेकिन उसने दो बार कॉल काट दी। बाद में उसने कहा कि उसे बहुत नींद आ रही है और बाद में बात करेगी। करीब 11 बजे हरप्रीत की बेटी ने वीडियो कॉल कर बताया कि उसकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें लगातार उल्टियां हो रही हैं।
यह सूचना मिलते ही मायके पक्ष दोबारा यमुनानगर पहुंचा। वहां पता चला कि हरप्रीत को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर उसे मृत घोषित कर चुके थे।
मायके वालों का आरोप- जहर दिया या प्रताड़ना से मजबूर होकर खाया
मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने हरप्रीत को जहरीला पदार्थ दिया या फिर इतनी प्रताड़ना और मारपीट की कि उसने मजबूर होकर खुद जहरीला पदार्थ खा लिया। उनका कहना है कि मौत से कुछ घंटे पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी।
पति समेत चार के खिलाफ केस दर्ज
मायके पक्ष की शिकायत पर जगाधरी सदर थाना पुलिस ने पति राजीव चौहान, ननद डॉली, ननद रीतू और देवरानी नेहा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

