लखीसराय। बिहार के लखीसराय में तैनात रहे निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर दीपक राम एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्हें कल देर रात उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में उनके नशे में होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।

​क्या है पूरा मामला?

​सूत्रों के अनुसार उत्पाद विभाग की पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो आरोपी की पहचान निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर दीपक राम के रूप में हुई। ब्रेथ एनालाइजर से की गई जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया।

​मंत्री विजय सिन्हा से विवाद के बाद हुए थे निलंबित

​दीपक राम का नाम पिछले दिनों तब चर्चा में आया था जब उनका बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा के साथ फोन पर तीखा विवाद हुआ था। बताया जाता है कि एक विभागीय मामले के संबंध में मंत्री ने उन्हें फोन किया था जिसके दौरान दोनों के बीच नोक-झोंक और तू-तू मैं-मैं हो गई थी। इस घटना के बाद उन पर विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।
​निलंबन के बाद अब शराब के नशे में उनकी गिरफ्तारी ने विभाग और प्रशासन के लिए एक नई किरकिरी पैदा कर दी है। पुलिस मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।