दीपक कौरव, नरसिंहपुर। ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को नरसिंहपुर पुलिस ने मात्र चार दिनों में गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने ठगी गई पूरी 10 लाख रुपये की राशि भी बरामद कर पीड़ित युवक को वापस लौटा दी है। इस कार्रवाई की जिले में चर्चा हो रही है।
ठगी का शातिर तरीका
गडरवारा क्षेत्र के एक युवक को फेसबुक के जरिए संपर्क किया गया। आरोपी ने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया। युवक को ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश के लिए प्रेरित किया गया। युवक ने धीरे-धीरे बढ़ाते हुए कुल 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब मुनाफा और मूलधन वापस मांगा तो आरोपी संपर्क काटकर फरार हो गए।
पुलिस ने लिया एक्शन
शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष साइबर टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच, बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल्स, डिजिटल फुटप्रिंट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छानबीन की। तकनीकी विश्लेषण से दोनों आरोपियों के नागपुर (महाराष्ट्र) में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी 10 लाख रुपये की राशि बरामद की गई, जिसे तुरंत पीड़ित को सौंप दिया गया।
नरसिंहपुर पुलिस की इस तेज और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि साइबर अपराधियों को अब जिले में कोई छूट नहीं मिलेगी। साथ ही पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग, निवेश या किसी भी प्रकार के आर्थिक लेन-देन से पहले अच्छी जांच कर लें और संदिग्ध लिंक या ऐप पर पैसे न लगाएं।

