बलौदाबाजार। ज्वेलर्स से हुई करीब 12 लाख रुपये की लूट मामले में बलौदाबाजार पुलिस ने अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के चार शातिर और हथियारबंद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी उत्तरप्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती और चोरी समेत 100 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। जब्त सामग्री में करीब एक लाख रुपये कीमत के चांदी के जेवर, 10,620 रुपये नकद, पिस्तौल, देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, धारदार तलवार, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।


ज्वेलर्स को घेरकर लूटे थे 12 लाख के जेवर
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम रोहरा निवासी और दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। इसी दौरान रोहरा हाईस्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने हमला कर उनका मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली तथा बैग में रखे करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना भाटापारा ग्रामीण में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने खंगाले 1000 से ज्यादा CCTV फुटेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तरेंगा, मारो, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर तक के रास्तों पर लगे 1000 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पुलिस ने AI आधारित वीडियो और डेटा एनालिटिक्स तकनीक का भी इस्तेमाल किया। अलग-अलग स्रोतों से मिले डेटा और वीडियो फुटेज के विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों और उनके संभावित रूट का पता लगाया गया। साइबर सेल की तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
रेकी के बाद हथियारों के दम पर देते थे लूट को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात से पहले संबंधित क्षेत्र की रेकी करते थे। वे भागने के संभावित रास्तों का भी मुआयना कर पूरी योजना तैयार करते थे। मौका मिलते ही पिस्तौल और धारदार हथियारों के दम पर पीड़ितों को डराकर लूटपाट करते थे। विरोध करने पर जानलेवा हमला करने से भी आरोपी पीछे नहीं हटते थे। वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी अलग-अलग रास्तों से तेज रफ्तार बाइक और चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर फरार हो जाते थे।
2022 और 2024 में भी ज्वेलर्स को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गिरोह ने इससे पहले भी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ज्वेलर्स संचालकों को निशाना बनाया था। आरोपियों की संलिप्तता 4 जुलाई 2022 को ग्राम रोहरा हाई स्कूल के पास महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक से सोने-चांदी के जेवर और नगदी लूटने की घटना में सामने आई है। इसके अलावा 5 सितंबर 2024 को भाटापारा मेनरोड स्थित ग्राम देवरीडीह तिराहा के पास आयुष ज्वेलर्स के संचालक से सोने-चांदी के आभूषण लूटने की वारदात में भी इनकी भूमिका बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन (48), निवासी चित्रकूट (उत्तर प्रदेश), जयदीप गुप्ता (43), निवासी रीवा (मध्य प्रदेश), जिआ उल हक (42), निवासी गोंडा (उत्तर प्रदेश) और गंगासागर पाण्डेय (42), निवासी चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 100 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, गंभीर मारपीट, लूट, डकैती और चोरी जैसे अपराध शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह ने अब तक करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लूट, डकैती और चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
अन्य आरोपियों और नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों, संभावित नेटवर्क, आश्रयदाताओं और अन्य आपराधिक वारदातों में उनकी संलिप्तता को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं।
व्यापारियों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों और घरों के बाहर हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाने की अपील की है। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की गतिविधि नजर आने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने की सलाह दी है। इसके साथ ही मकान मालिकों और किरायेदारों से पुलिस सत्यापन कराने तथा नए किरायेदारों की जानकारी संबंधित थाने को देने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि सामुदायिक सतर्कता और पुलिस के साथ सहयोग से ऐसे संगठित अपराधों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


