सोहराब आलम/​मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे देश के साथ-साथ पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में भी भारतीय जनता पार्टी ने इसे एक ‘उत्सव’ के रूप में मनाया। इस अवसर पर जिले भर में कई स्थानों पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विकास कार्यों और मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

​डिजिटल माध्यम से उपलब्धियों का प्रदर्शन

​कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं और स्थानीय नागरिकों के लिए विशेष ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति दी गई। इस डिजिटल प्रदर्शन के जरिए प्रधानमंत्री के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों को रेखांकित किया गया। इन वीडियो के माध्यम से आम जनता को यह समझाने की कोशिश की गई कि कैसे बीते एक दशक में भारत की तस्वीर बदली है।

​विश्व मंच पर भारत की बढ़ती धाक पर चर्चा

​मोतिहारी के विभिन्न कॉलेजों में आयोजित परिचर्चा में छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री के ‘सुशासन’ मॉडल की जमकर सराहना की। चर्चा का मुख्य केंद्र ‘विश्व में भारत का बज रहा डंका’ रहा। युवाओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कैसे प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की साख बढ़ी है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज सुनी जा रही है। इसके साथ ही, वैश्विक बाजारों में ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों की बढ़ती मांग और निर्यात में हुई अभूतपूर्व वृद्धि पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

​भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

​इस अवसर पर भाजपा के युवा नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को एक दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता बताया। युवा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करते हुए सबसे लंबा कार्यकाल पूरा किया है। वक्ताओं ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है, बल्कि रक्षा, कूटनीति और तकनीक के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज हर भारतीय गर्व से कह सकता है कि भारत की प्रगति की रफ्तार दुनिया के लिए एक उदाहरण बन गई है। पूरे कार्यक्रम के दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला।