Bihar Crime: बिहार के कटिहार जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ई-रिक्शा का सीट कवर भाड़ने के आरोप में 13 साल की बच्ची की बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, मृतक बच्ची के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना सुबह 7 बजे की बताई जा रही है, जबकि पूरा मामला पोठिया थाना क्षेत्र के रुचदेव सिमरिया लोहनी गांव का है।
बड़े चाचा पर लगा हत्या का आरोप
मृतक बच्ची की पहचान कोमल कुमारी (13) के रूप में हुई है। मृतक बच्ची के नाना ने बताया कि, कोमल के बड़े चाचा ने उसपर ई-रिक्शा की सीट कवर फाड़ने का आरोप लगाया था। इसे लेकर दोनों परिवार के बीच विवाद हुआ था। धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि उसके चाचा अखिलेश मंडल ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कोमल की बेरहमी से पिटाई कर दी। उन्होंने यह आरोप लगाया कि बच्ची की पिटाई इतनी गंभीर रूप से की गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद आरोपी परिवार के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए।
बच्ची की असमय मौत से परिवार में हड़कंप
परिजनों ने बताया कि कोमल की मां का निधन पहले ही हो चुका था। ऐसे में उसका पालन-पोषण उसकी छोटी चाची कर रही थी। चार बहनों और एक भाई में वह तीसरे नंबर पर थी। हालांकि अब उसकी असमय मौत से पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। वहीं, पूरे गांव के लोगों में भी मातम का माहौल छाया रहा।
छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। इसके साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि, आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- नाबालिग बेटी को 6 साल तक बनाया हवस का शिकार, आरोपी पिता गिरफ्तार


