देहरादून. उत्तराखंड में मानसून के चलते हालात बिगड़ रहे हैं. पूरे प्रदेश में इस समय करीब 135 सड़कें बंद हो गई हैं. प्रशासन के रियल टाइम सिस्टम से ये जानकारी मिली है. 104 सड़कें PMGSY के तहत बंद हैं. PWD की भी 31 सड़कें प्रभावित हैं. बारिश से जगह-जगह भूस्खलन और स्लिप हो रहा है. संवेदनशील इलाकों में एहतियात के तौर पर जेसीबी मशीनें समेत रेस्क्यू फोर्स तैनात किया गया है.

बता दें कि गुरुवार को ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया था. जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ क्षेत्रों में 31 जुलाई को भारी वर्षा के कारण जलभराव और फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका व्यक्त की गई है.

इसे भी पढ़ें : देवभूमि में खतरे का अलर्टः देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी समेत कई जगह होगी भारी बारिश, अचानक बाढ़ की आशंका

मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जनपदों के जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि जनपद स्तर पर राहत और बचाव दलों को पूर्ण रूप से तैयार रखा जाए और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन को सक्रिय रखने, मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उन्हें तत्काल खोलने तथा पुलिस, SDRF, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण, BRO सहित सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. निर्देशों में यह भी कहा गया है कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक निर्णय स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार लिए जाएं. पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करने की सलाह दी गई है.