बंकरा मस्जिद को एयरपोर्ट परिसर के बाहर रिलोकेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. यह फैसला राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच बातचीत के बाद लिया गया है. लगभग 136 वर्ष पूर्व बनी गौरीपुर जामा मस्जिद दमदम हवाई अड्डे के भीतर स्थित है. फिलहाल, मस्जिद में नमाज पढ़ने पर भी रोक लगा दी गई है. प्रशासन ने इस मस्जिद को शिफ्ट करने का फैसला किया है.
हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार मुख्य रनवे के रखरखाव के लिए बंद होने पर दूसरे रनवे का उपयोग करना पड़ता है. इस दौरान सुरक्षा संबंधी चिंताएं अधिकारियों के सामने आती हैं.
पश्चिम बंगाल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के परिसर में स्थित 130 साल से ज्यादा पुरानी गौरीपुर जामा मस्जिद में मरम्मत कार्य की वजह से शनिवार 11 जुलाई, 2026 से लेकर अगले तीन दिनों के लिए नमाज अदा करने पर रोक लगा दी गई है.
यह मस्जिद हवाई अड्डे के दो रनवे में से दूसरे या छोटे रनवे के बेहद करीब है. इसे ‘बंकरा मस्जिद’ के नाम से भी जाना जाता है. ये मस्जिद दमदम एयरपोर्ट से काफी नजदीक भी है. अधिकारियों ने इसे शिफ्ट करने का मुख्य कारण एविएशन और यात्रियों की सुरक्षा को बताया है.
एयरपोर्ट के दूसरे रनवे के पास बनी मस्जिद रनवे से लगभग 165 मीटर दूर है. अधिकारियों ने बताया कि इसकी जगह की वजह से हवाई जहाजों की आवाजाही, खासकर इमरजेंसी लैंडिंग के समय सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा हो रही थीं.
उत्तर 24 परगना के जिलाधिकारी कार्यालय में विधायक, मस्जिद कमेटी और प्रशासन के अधिकारियों के बीच इस बाबत बैठक हुई है. इसके बाद एक विशेष टीम ने मस्जिद का निरीक्षण भी किया है.
बंगाल के उत्तरी दमदम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सौरव सिकदर ने शनिवार सुबह घटनास्थल का दौरा करने के बाद मीडिया को बताया कि चल रहे निर्माण और विकास कार्यों के कारण बंकरा मस्जिद में नमाज को कुछ दिनों के लिए रोक दिया गया है. यह जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया की है, इसलिए अधिकार भी उनका ही होगा.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

