एम्स में करीब 14 वर्षों तक सर्जरी की प्रतीक्षा करने वाली 15 वर्षीय तन्वी की मौत के मामले में अब उसके पिता मुकेश परियानी ने कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि वह डॉ. सचिन तलवार समेत एम्स के संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
8 सितंबर को दिल्ली लौटेंगे तन्वी के पिता
मुकेश परियानी ने बताया कि वह मंगलवार, 8 सितंबर को दिल्ली लौटकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। इसके अलावा वह राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी न्याय की मांग करेंगे।
1 सितंबर को एम्स में हुई तन्वी की मौत
तन्वी की 1 सितंबर को एम्स में मौत हुई थी। प्रारंभिक तौर पर उसकी मौत का कारण हाइपोक्सिक स्पेल और कार्डियक अरेस्ट बताया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को मामले की जांच कर रही एम्स की उच्चस्तरीय समिति के समक्ष रखा जाएगा।
2012 से 2026 तक के मेडिकल रिकॉर्ड की जांच
एम्स की उच्चस्तरीय जांच समिति मामले से जुड़े 2012 से 2026 तक के उपचार रिकॉर्ड, ओपीडी विवरण, जांच रिपोर्ट, उपचार प्रक्रिया और विशेषज्ञों की राय की समीक्षा कर रही है। समिति सर्जरी में हुई कथित देरी, इलाज के दौरान सामने आई परिस्थितियों और तन्वी की मौत के कारणों की भी जांच कर रही है।
पिता का आरोप- 2014 में जमा कराया था पैसा और खून
मुकेश परियानी का आरोप है कि 2014 में सर्जरी के लिए रक्त और पैसे जमा कराने के बावजूद ऑपरेशन नहीं किया गया और लगातार तारीखें टलती रहीं। उनका यह भी दावा है कि प्रधानमंत्री कार्यालय में शिकायत के बाद भी डॉ. सचिन तलवार ने सर्जरी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “जब तक एक्शन नहीं होगा, समिति की जांच का क्या फायदा?” अब परिवार की नजर पुलिस कार्रवाई और एम्स की जांच समिति की रिपोर्ट पर है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



