प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश की धर्म नगरी उज्जैन में 170 साल पुराने ऐतिहासिक और अतिप्राचीन ‘खड़े हनुमान मंदिर’ को हटाने पहुंचे जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम उस समय मुश्किल में फंस गई जब वे हनुमान जी की प्रतिमा को हिला भी पाए। पुरातत्व विभाग ने चेतावनी दी है कि मूर्ति को हटाने से वह खंडित हो सकती है। इस घटना के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और हिंदूवादी संगठनों में भारी रोष है और मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
उज्जैन नगर के 170 साल पुराने प्राचीन ‘श्री खड़े हनुमान मंदिर’ को हटाने के लिए पहुंची नगर निगम की टीम अब खुद बड़ी मुश्किल में फंस गई है। पिछले दिनों की गई कार्रवाई के दौरान निगम ने मंदिर के कुछ हिस्सों को तो तोड़ दिया, लेकिन जब बारी महाबली हनुमान की मुख्य प्रतिमा को हटाने की आई, तो अधिकारियों के पसीने छूट गए।
दरअसल, शुरुआती कार्रवाई के बाद जब मूर्ति को हटाने का प्रयास किया गया, तो पुरातत्व विभाग की टीम ने तुरंत दखल दिया। विभाग की शुरुआती जांच और विशेषज्ञों की चेतावनी के बाद यह आशंका जताई गई है कि इस प्राचीन प्रतिमा को हिलाने या निकालने की किसी भी कोशिश से इसमें गहरी दरार (क्रैक) आ सकती है। इसका मतलब साफ है कि मंदिर का बाहरी ढांचा या हिस्सा तो हटाया जा सकता है, लेकिन करीब 170 साल पुरानी इस चमत्कारिक प्रतिमा को बिना नुकसान पहुंचाए हटाना प्रशासन के लिए नामुमकिन सा साबित हो रहा है।
जब – जब मंदिर तोड़े जाने और मूर्ति को हटाने की खबर फैली, मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और हिंदूवादी संगठनों के लोग इकट्ठा हो गए। मंदिर के टूटने के दौरान कई भक्त आहत है और भक्तों की आंखों में आंसू से छलक पड़े। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ ईंट-पत्थरों से बनी कोई संरचना नहीं है, बल्कि यह स्थान इलाके के हजारों लोगों की गहरी आस्था और विश्वास का केंद्र है। पुजारियों और संगठनों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि वे धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ न करें।
इस अजीबोगरीब स्थिति ने स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को मुश्किल में डाल दिया है । अब सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि क्या प्रशासन पुरातत्वविदों की मदद से इस मूर्ति को पूरी सुरक्षा के साथ हटा पाएगा, या फिर महाबली हनुमान की इस अडिग आस्था के आगे नगर निगम को अपने कदम पीछे खींचने पड़ेंगे? फिलहाल मौके पर तनाव और असमंजस का माहौल बना हुआ है, और हर किसी की नजरें अगले प्रशासनिक कदम पर टिकी हैं । वहीं कुछ लोग इसे वीर बजरंगबली का चमत्कार भी बता रहे हैं।
हालांकि जिला प्रशासन द्वारा “सिंहस्थ 2028” के तहत किए जा रहे कंठॉल चौराहे से सती गेट होते हुए छत्री चौक मार्ग चौड़ीकरण के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों को हटाया जा रहा है जिसमें पूर्व में भी कुछ धार्मिक स्थलों को हटाया गया है और उन्हें दूसरे स्थान पर स्थापित किया गया है। र्मनगरी उज्जैन में विकास कार्य और वर्षों पुरानी आस्था के बीच एक भावुक कर देने वाला पल उस समय सामने आया है जब कंठाल से छत्री चौक तक सड़क चौड़ीकरण की जद में आए इस चत्कारिक हनुमान मंदिर को तोड़ने का प्रयास किया गया।
पहले विरोध के चलते रोकनी पड़ी थी कार्रवाई
सड़क चौड़ीकरण की जद में आने के कारण नगर निगम की टीम जब मंदिर पर कार्रवाई के लिए पहुंची थी तो मौके पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। इससे पहले 30 अगस्त को बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और स्थानीय नागरिकों के विरोध तथा हाईवे जाम के चलते कार्रवाई रोकनी पड़ी थी। उस दौरान श्रद्धालुओं ने शहर के सभी पहुंच मार्ग पर जाम लगाकर सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए विरोध जताया था।
भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी के अनुसार रोड़ चौड़ीकरण और विकास कार्यों में हम साथ है, जब मंदिर हटाया गया तो कोई परेशानी नहीं थी। लेकिन जब प्रतिमा हटाने के बारी आई तो एक बार नहीं चार – चार बार टीमें यहां आई और बाबा को हिला तक नहीं पाई तो जब बाबा खुद नहीं हटना चाहते तो क्यों प्रशासन उन्हें जबरजस्ती हटाने पर अड़ा है।
वहीं हिंदूवादी नेता शैलेन्द्र यादव ने बताया की चौड़करण की जद में आ रहे मंदिर को हटाने के लिए कई बार बैठक हुई। /समन्वय बनाने की कोशिश की गई फिर प्रशासन हनुमान जी की प्रतिमा को हिला भी नहीं सका यह उनकी नाकामी है और बाबा जब खुद नहीं हटना चाहते तो वें क्यों हटाने पर आमादा है।
वहीं एक भक्त मोनू शुक्ला के अनुसार खड़े हनुमान को विस्थापित करने की प्रक्रिया लगभग 10 दिनों से चल रही है जिसमें उनके कई प्रयास सफल भी हुए हैं। इसके साथ ही हनुमान जी के विस्थापन के दौरान मंदिर की दिशा भी बदल दी गई है।
वहीं हिंदूवादी नेता रूपेश ठाकुर के अनुसार दुनिया की कोई भी ताकत हनुमान जी की शक्ति का सामना नहीं कर सकती है। हम विकास के साथ है लेकीन विनाश भी नहीं होने देंगे और हनुमान जी की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ करना विनाश करने जैसा ही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



