दिल्ली की सड़कों की हालत सुधारने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने राजधानी की 175 सड़कों के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 370 करोड़ रुपये का फंड स्वीकृत किया है। विभाग ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। योजना के तहत सड़कों का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा और अगले छह महीनों में सभी 175 सड़कों को नए सिरे से तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। PWD के मुताबिक, इन सड़कों के बनने से ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और लोगों को बेहतर व सुगम आवाजाही का अनुभव मिलेगा। साथ ही सड़क की गुणवत्ता में सुधार होने से वाहनों की गति और सुरक्षा दोनों में इजाफा होगा।

PWD अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना के तहत राजधानी के दक्षिणी, पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, शाहदरा, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों की करीब 142 किलोमीटर लंबी मुख्य और एप्रोच सड़कों को शामिल किया गया है। ये सड़कें लंबे समय से जर्जर और क्षतिग्रस्त हालत में हैं, जिससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद ट्रैफिक सुगम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही सड़क निर्माण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाएगी और यदि कोई ठेकेदार तय समय सीमा में काम पूरा नहीं करता है या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अक्षरधाम फ्लाईओवर लूप होगा दुरुस्त

पूर्वी दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के सामने स्थित फ्लाईओवर लूप को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। यह लूप उन वाहन चालकों के लिए अहम है, जो NH-9 से मयूर विहार और नोएडा की ओर जाते हैं। मौजूदा समय में इस लूप पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खराब सड़क की वजह से न सिर्फ ट्रैफिक धीमा होता है, बल्कि हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इस लूप की मरम्मत का फैसला लिया है। विभाग का कहना है कि सड़क को समतल और सुरक्षित बनाने के लिए जल्द काम शुरू किया जाएगा।

उत्तरी दिल्ली में सबसे ज्यादा सड़कें चिह्नित

इसके तहत दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों की कुल 175 सड़कों को चिह्नित किया गया है, जिनका पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। पश्चिमी दिल्ली: 48 सड़कें , उत्तर-पश्चिमी दिल्ली: 66 सड़कें , नई दिल्ली और मध्य दिल्ली: 19 सड़कें, दक्षिणी दिल्ली: 25 सड़कें , शाहदरा: 8 सड़कें , पूर्वी दिल्ली: 6 सड़कें , उत्तर-पूर्वी दिल्ली: 3 सड़कें  इन सड़कों की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई थी, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

विकास मार्ग पर बच रहा वाहन चालकों का समय

पूर्वी दिल्ली के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल विकास मार्ग पर ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई अहम बदलाव किए हैं। पुलिस का दावा है कि इन उपायों के बाद जहां पहले 20 मिनट लगते थे, अब वही सफर महज 14 मिनट में पूरा हो रहा है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (ट्रैफिक) विजयंता गोयल आर्या के मुताबिक, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विकास मार्ग और मास्टरप्लान रोड पर कई स्ट्रक्चरल और मैनेजमेंट स्तर के बदलाव किए गए हैं।

सबसे बड़ा बदलाव लक्ष्मी नगर चौराहा को सिग्नल-फ्री बनाना है, जिससे वाहनों की रुकावट लगभग खत्म हो गई है। वहीं, कड़कड़ी मोड़ जंक्शन को फ्लाईओवर और अंडरपास के जरिए फ्री-फ्लो ट्रैफिक के लिए दोबारा डिजाइन किया जा रहा है। इसके अलावा, मास्टरप्लान रोड पर कड़कड़ी मोड़ से एंट्री पर रोक लगाई गई है, ताकि गलत दिशा में चलने वाले वाहनों को रोका जा सके। विकास मार्ग पर भी तय यू-टर्न के जरिए ही आवागमन सुनिश्चित किया गया है, जिससे ट्रैफिक अनुशासित हुआ है। सिर्फ व्यवस्था में बदलाव ही नहीं, बल्कि नियमों के पालन पर भी सख्ती बढ़ाई गई है। पुलिस के अनुसार, बीते दो हफ्तों में अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाते हुए 198 वाहनों को टो किया गया और 200 वाहनों को क्लैंप किया गया। वहीं, इस साल अब तक करीब 11,000 चालान किए जा चुके हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m