बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी में शुमार ‘गोलमाल’ (Golmaal) ने अपने 20 साल पूरे कर लिए हैं. इस खास मौके पर एक्टर अजय देवगन (Ajay Devgn) ने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी पुरानी यादें ताजा करते हुए कई मोशन वीडियो और तस्वीरें साझा कीं. उनके इस पोस्ट ने फैंस को एक बार फिर उन यादगार पलों में पहुंचा दिया, जब 2006 में रिलीज हुई इस फिल्म ने दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया था.

बता दें कि अजय देवगन (Ajay Devgn) ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के सफर को याद करते हुए लिखा- गोलमाल शुरू किए हुए 20 साल हो गए और इसका मजा आज भी वैसा ही है.” उन्होंने कहा कि दो दशक पहले शुरू हुआ यह सफर आज भी लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने में कामयाब है. उनके पोस्ट में फिल्म के कई यादगार किरदारों और मजेदार दृश्यों की झलक देखने को मिली, जिसे फैंस ने भी खूब पसंद किया. सोशल मीडिया पर अजय का यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और लोग फिल्म से जुड़ी अपनी यादें साझा कर रहे हैं.
दमदार कॉमिक टाइमिंग आई थी पसंद
14 जुलाई 2006 को रिलीज हुई ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ (Golmaal) का निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया था, जबकि इसकी कहानी और संवाद नीरज वोरा ने लिखे थे. फिल्म में अजय देवगन के अलावा तुषार कपूर, अरशद वारसी, शरमन जोशी, रिमी सेन और परेश रावल जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं. चार दोस्तों की मजेदार कहानी और दमदार कॉमिक टाइमिंग ने इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता दिलाई थी. यह फिल्म मराठी नाटक ‘घर-घर’ और गुजराती नाटक ‘अफलातून’ से प्रेरित मानी जाती है.
गोलमाल की फ्रेंचाइजी
पहली फिल्म की शानदार सफलता के बाद ‘गोलमाल’ (Golmaal) एक सफल फ्रेंचाइजी बन गई. इसके बाद ‘गोलमाल रिटर्न्स’ (2008), ‘गोलमाल 3’ (2010) और ‘गोलमाल अगेन’ (2017) रिलीज हुईं. हर फिल्म ने अपने अलग अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन किया. जहां ‘गोलमाल रिटर्न्स’ में पति-पत्नी के बीच शक और गलतफहमियों पर आधारित हास्य देखने को मिला, वहीं ‘गोलमाल 3’ दो दुश्मन परिवारों की टक्कर पर आधारित थी. इसके बाद ‘गोलमाल अगेन’ में हॉरर और कॉमेडी का अनोखा मिश्रण पेश किया गया, जिसे दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया.
स्टारकास्ट रही खास
‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी खासियत इसकी शानदार स्टारकास्ट, हल्के-फुल्के हास्य, पारिवारिक मनोरंजन और रोहित शेट्टी की मनोरंजक प्रस्तुति रही है. यही वजह है कि यह सीरीज आज भी दर्शकों की पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में शामिल है और टीवी से लेकर ओटीटी तक इसकी लोकप्रियता बरकरार है.
जल्द आ सकती है ‘गोलमाल 5
इस बीच फैंस के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है. आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, ‘गोलमाल 5’ (Golmaal 5) पर काम जारी है. हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन खबरों की मानें तो फिल्म की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. दिलचस्प बात यह है कि इस बार बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार के भी फिल्म का हिस्सा बनने की चर्चा है. यदि ऐसा होता है, तो कॉमेडी का यह डोज पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और मनोरंजक साबित हो सकता है.

