त्योहारी सीजन में AC, LED TV, फ्रिज और वॉशिंग मशीन खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए अहम खबर है। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और अप्लायंसेज कंपनियां 1 अक्टूबर 2026 से उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही हैं। इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों के मुताबिक, अलग-अलग कैटेगरी में कीमतें 3% से 8% तक बढ़ सकती हैं।

AC की कीमतों में 5-8% तक बढ़ोतरी

कच्चे माल की बढ़ती लागत और रुपये में उतार-चढ़ाव को कीमतों में बढ़ोतरी की प्रमुख वजह माना जा रहा है। एयर कंडीशनर (AC) की कीमतों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है। इंडस्ट्री के अनुसार, AC के दाम 5% से 8% तक बढ़ने की संभावना है। वहीं, LED TV, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर की कीमतों में करीब 3% से 4% तक की वृद्धि देखने को मिल सकती है।

इन कंपनियों ने किया कीमत बढ़ाने का ऐलान

रिपोर्ट के मुताबिक, Blue Star, Godrej Appliances, Haier, Daikin और Super Plastronics समेत कई कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी की पुष्टि की है। LG और Bosch Home Comfort (Hitachi) ने AC की कीमतों में करीब 5% तक वृद्धि की है। Panasonic फिलहाल कीमतों की समीक्षा कर रही है।

Haier India ने 1 अक्टूबर से 5% बढ़ोतरी की पुष्टि की

Haier India के प्रेसिडेंट एनएस सतीश के मुताबिक, कॉपर की कीमत पिछले एक साल में करीब 8,000-9,000 डॉलर से बढ़कर 14,500 डॉलर प्रति मीट्रिक टन तक पहुंच गई है। एक AC में लगभग 3-4 किलो कॉपर का इस्तेमाल होता है। कंपनी 1 अक्टूबर से AC की कीमतों में 5% बढ़ोतरी करेगी। उन्होंने अक्टूबर से जनवरी के बीच चरणबद्ध तरीके से कुल 15% तक बढ़ोतरी का अनुमान भी जताया।

दिवाली तक मिल सकता है पुरानी कीमतों का फायदा

हालांकि, त्योहारी बिक्री पर तत्काल असर सीमित रहने की उम्मीद है। डीलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने अगस्त-सितंबर में प्री-बाइंग के जरिए पुराना स्टॉक जुटाया है। सप्लाई पाइपलाइन में करीब 1 से 1.5 महीने का स्टॉक मौजूद होने से ग्राहकों को दिवाली तक कुछ उत्पाद पुरानी कीमतों पर मिल सकते हैं। नई कीमतों का पूरा असर दिवाली के बाद दिखाई देने की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m