सुशीला देवी, गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-53 स्थित बंजारा मार्केट की झुग्गियों में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी। 24 वर्षीय युवक अमन की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसके शव को संदूक में बंद कर छुपा दिया गया। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
संदूक में मिला युवक का शव
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक के भाई को सुनीता नामक महिला ने फोन कर बताया कि अमन की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही भाई मौके पर पहुंचा, जहां झुग्गी से तेज दुर्गंध आ रही थी। संदूक खोलने पर अंदर अमन का शव मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना सेक्टर-53 पुलिस और क्राइम सीन टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
आरोपी और महिला के बीच था अवैध संबंध
मृतक की पहचान अमन (24), निवासी जिला सहरसा (बिहार) के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम में सुनीता के साथ रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोनू कुमार और सुनीता के बीच अवैध संबंध थे, जिसकी भनक अमन को लग गई थी। इसी बात को लेकर सोनू ने अपने साथी मोहम्मद मिराज के साथ मिलकर 25 अप्रैल की सुबह करीब 6:30 बजे अमन की गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने के लिए शव को संदूक में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को 27 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और फिलहाल गुरुग्राम में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। इस खौफनाक वारदात ने एक बार फिर रिश्तों में पनप रहे विश्वासघात और अपराध की भयावह तस्वीर को उजागर कर दिया है।

