शिवम मिश्रा, रायपुर। कांग्रेस नेता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया है। रायपुर CJM कोर्ट ने पुलिस को शोएब ढेबर को फिर से गिरफ्तार करने की अनुमति दे दी है। पुलिस ने नियमित अदालत में गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अपील की थी। बता दें कि रविवार को रिमांड कोर्ट ने शोएब ढेबर को गिरफ्तारी की सूचना परिवार के सही व्यक्ति को नहीं देने का हवाला देते हुए स्वतंत्र करने की अनुमति दी थी।

क्या है मामला

यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और प्रार्थी, उसके बेटे व परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए रविवार को शोएब ढेबर को पकड़ा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किए थे। उसके बाद आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे स्वतंत्र करने की अनुमति दी थी।

पुलिस ने शुरू की शोएब ढेबर की तलाश

इसके बाद पुलिस ने उन्हीं आधारों को सामने रखते हुए नियमित अदालत में मंगलवार को दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। अब शोएब ढेबर की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है और उसकी सरगर्मी से तलाश में पुलिस जुट गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H