रायपुर। राजधानी रायपुर के बंद पड़े फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से 17 लाख रूपये के डकैती का सामान जब्त किया गया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

बंद पड़े इस्पात फैक्ट्री में बोला धावा

दरअसल, यह पूरा मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है। 22 अक्टूबर की रात डेढ़ बजे 7 से 8 आरोपियों ने हीरापुर इलाके के बंद पड़े अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री को निशाना बनाया था। फैक्ट्री के चौकीदार दिलीप कुमार वर्मा ने जब उन्हें दौड़ाया तो उल्टा आरोपियों ने उसे ही बंधक बना लिया।

चौकीदार को बंधक बनाकर पार किया सामान

दोनों हाथों को रस्सी से बांधने के बाद ऑफिस में घुसकर एल्युमिनियम वायर बंडल, एल्युमिनियम एवं कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, दराज में रखें नगद, आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखा पैनल कार्ड और फैक्ट्री में रखे कॉपर क्वाइल को लेकर फरार हो गए।

मामला दर्ज कर जांच में जुटी टीम

चौकीदार की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 217/26 धारा 127(2), 310(2) बीएनएस का अपराध दर्ज कर जांच में लिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना की जांच शुरु की।

तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसी दौरान पुलिस को घटना में शामिल सरोना, डी.डी.नगर निवासी संदीप नेताम के बारे में जानकारी मिली। टीम ने कार्रवाई करते हुए संदीप को पकड़ लिया और पूछताछ में उसने बताया कि अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपी अजीत भारती और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी पकड़ लिया।

एक सप्ताह रेकी के बाद पहुंचे डकैती करने

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर अमरनाथ इस्पात बंद फैक्ट्री में डकैती की योजना बनाई थी। घटना को अंजाम देने से पहले एक सप्ताह फैक्ट्री की रेकी कर वहां की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी थी। प्लानिंग के तहत घटना वाली रात सभी आरोपी टाटा एस वाहन और स्कुटी से फैक्ट्री पहुंचे, जिसके बाद चौकीदार को बंधक बनाकर कार्यालय और फैक्ट्री में रखे कीमती सामान को लूटकर फरार हो गए थे।

आरोपियों के कब्जे से डकैती के सामान जब्त

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम एवं कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड, कॉपर क्वाइल और घटना में स्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, चारपहिया टाटा एस और दोपहिया स्कुटी जब्त किया गया।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस की जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं। आरोपी संदीप नेताम चोरी और मारपीट के मामले में, आरोपी उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन नकबजनी के मामले में और आरोपी अजीत भारती भी जेल की हवा खा चुका है। मामले में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H